Site icon Dainik Savera Times

Moga Crime: मोगा में 400 ग्राम हेरोइन सहित दो तस्कर गिरफ्तार, दो साथी फरार

मोगा: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मैहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। वहीं, पुलिस को देखकर उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। थाना मैहना के इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनजिंदर सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी गांव भंबोई, जिला गुरदासपुर, विशाल कुमार पुत्र जसवंत सिंह निवासी चक्कोके, जिला कपूरथला, मनजिंदर सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी वैरोनंगल, जिला गुरदासपुर तथा जसप्रीत सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी मनन डडियाला नजारा, जिला गुरदासपुर कथित तौर पर हेरोइन की तस्करी करते हैं। सूचना के अनुसार चारों आरोपी हेरोइन की सप्लाई करने के लिए गांव तलवंडी भंगेरिया के नजदीक घूम रहे थे। सूचना के आधार पर थाना मैहना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मनजिंदर सिंह और विशाल कुमार को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान उनके दो साथी मनजिंदर सिंह और जसप्रीत सिंह मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। थाना मैहना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version