
मोगाः दिवाली के त्योहार पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद आधी रात को फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान हैप्पी अरोड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जबकि छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच मोगा के साहिबजादा अजीत नगर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि दिवाली के मौके पर पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक देर रात तक पटाखे चला रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहसबाजी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन विवाद ने बाद में गंभीर रूप धारण कर लिया।
परिवार के सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, कुछ समय बाद जब हैप्पी अरोड़ा अपने दोस्तों को घर छोड़ने के लिए जा रहा था तो रास्ते में कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। परिवार का आरोप है कि करीब 10 से 12 युवकों ने एकजुट होकर उसे रास्ते में घेर लिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई और इसके बाद कथित तौर पर उस पर गोली चला दी गई। गोली लगने से हैप्पी अरोड़ा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मोगा के ही एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को बीती रात करीब 12 बजे साहिबजादा अजीत नगर में गोली चलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद जब पीड़ित युवक घर लौट रहा था तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा घायल युवक के बयान दर्ज करने के बाद 11 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और फायरिंग के लिए किस हथियार का इस्तेमाल किया गया। दिवाली जैसे खुशी के त्योहार पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुए विवाद का गोलीबारी तक पहुंचना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
📍 Location: मोगा