मोगा। पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोगा पुलिस ने मंगलवार को नशा तस्करी से जुड़े एक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। थाना सिटी साउथ के अंतर्गत आने वाले परवाना नगर में नशा तस्करी से जुड़े बलराज सिंह पुत्र इकबाल सिंह, निवासी बुक्कनवाला, हाल आबाद परवाना नगर, मोगा से संबंधित संपत्ति पर नगर निगम की ओर से डिमोलिशन कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई।
पुलिस के अनुसार उपलब्ध रिकॉर्ड में बलराज सिंह के खिलाफ अलग-अलग समय में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं। संपत्ति गिराने की कार्रवाई नगर निगम मोगा द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र के तहत की गई, जबकि मोगा पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में नाकाबंदी की गई तथा आसपास के रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कर्मचारियों ने यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। पूरी कार्रवाई के दौरान स्थिति सामान्य बनी रही। मौके पर एसएसपी मोगा सारताज सिंह चहल, एसपी मुख्यालय गुरशरणजीत सिंह संधू, डीएसपी एनडीपीएस राहुल कौशल, डीएसपी सिटी मोगा गुरप्रीत सिंह तथा थाना सिटी साउथ के एसएचओ वरुण की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी की।

2016 से 2025 तक दर्ज हुए नौ मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बलराज सिंह के खिलाफ वर्ष 2016 से 2025 तक कुल नौ मुकदमे दर्ज होने का विवरण है। इनमें 29 जून 2016 को मुकदमा नंबर 192 के तहत आईपीसी की धाराओं 323, 336, 148 और 149 के तहत मामला दर्ज हुआ था। 21 नवंबर 2017 को मुकदमा नंबर 230 में हत्या के प्रयास, साझा इरादे तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई हुई।
12 अगस्त 2018 को मुकदमा नंबर 37 में चोरी, तोड़फोड़ और घर में घुसने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ, जबकि 9 सितंबर 2018 को मुकदमा नंबर 81 आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया। 25 अगस्त 2019 को मुकदमा नंबर 177 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 18 और 25 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद 30 अप्रैल 2021 को मुकदमा नंबर 118 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला दर्ज हुआ।

12 मार्च 2022 को मुकदमा नंबर 47 में आईपीसी की धाराओं 341, 323, 328, 148 और 149 के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, 4 मई 2022 को मुकदमा नंबर 79 आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज हुआ। 20 मई 2025 को मुकदमा नंबर 120 में आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई का रिकॉर्ड दर्ज है। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...