Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशे और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 4 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार

August 29, 2026

मोगा में नशे और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 4 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिले में नशे तथा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित 5 लोगों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 बोतलें अवैध शराब तथा कुल 39 ग्राम हेरोइन बरामद की है। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तथा एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना धर्मकोट की पुलिस ने गांव कोट मोहम्मद खां के नजदीक गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंजीत कौर पत्नी जसपाल सिंह निवासी गांव कोट मोहम्मद खां को काबू किया। पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर 34 बोतलें शराब बरामद हुईं। इस संबंधी जानकारी देते हुए सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ थाना धर्मकोट में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह थाना अजीतवाल की पुलिस ने दाना मंडी अजीतवाल के नजदीक गश्त के दौरान सतनाम सिंह उर्फ कालू पुत्र बलवीर सिंह निवासी अजीतवाल को काबू किया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना अजीतवाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

थाना धर्मकोट की पुलिस ने ही गांव चौधरी वाला के नजदीक मुखबिर की सूचना के आधार पर स्कारपियो गाड़ी सवार एक व्यक्ति को काबू किया। पुलिस के अनुसार गाड़ी में सवार गुरमुख सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी गांव कबरबच्छा, जिला फिरोजपुर की तलाशी लेने पर सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना धर्मकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने लाल सिंह रोड के नजदीक कार्रवाई करते हुए दो युवकों को काबू किया।

सहायक थानेदार हरजिंदर सिंह के अनुसार संदीप सिंह उर्फ सन्नी पुत्र जगरूप सिंह निवासी साधा वाली बस्ती मोगा तथा सुखदीप सिंह उर्फ बिल्ला पुत्र बूटा सिंह निवासी प्यारा एम.सी. वाली गली, साधा वाली बस्ती मोगा की तलाशी के दौरान 22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों तथा अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें