मोगा। जिले में नशे की तस्करी और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बाघापुराना और धर्मकोट थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 7 ग्राम हेरोइन तथा दूसरे को 90 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में थाना बाघापुराना पुलिस की टीम 3 गांव गोलिया घोलिया कलां क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थों के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इकबाल सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी थराज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी तरह दूसरे मामले में थाना धर्मकोट पुलिस ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को पुलिस टीम जलालाबाद पूर्वी के बाहरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी बोबी सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी जलालाबाद पूर्वी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 90 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी के खिलाफ थाना धर्मकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों मामलों में पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...