Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

November 20, 2026

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत धर्मकोट और मेहना थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले मामले में थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव नूरपुर हकीमां इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरबजीत सिंह उर्फ शुभप्रीत उर्फ सब्बू पुत्र नरेंद्र सिंह उर्फ निंदर निवासी गांव बोड़ीवाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस संबंध में थाना धर्मकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह दूसरे मामले में थाना मेहना पुलिस ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 नशीली गोलियां बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार सहायक थानेदार सुखपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव डाला इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर सुखजिंदर पाल शर्मा पुत्र परमजीत शर्मा निवासी गांव डाला, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 नशीली गोलियां (खुली अवस्था में) बरामद कीं।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लेकर आते थे और आगे किन लोगों को सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को रोकने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: धर्मकोट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें