अमृतसर। अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर श्री अमृतसर साहिब और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के बीच दैनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेल सुविधा का मामला नहीं, बल्कि देशभर के लाखों सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही धार्मिक आस्था से जुड़ी जनभावना है।
पत्र में सांसद औजला ने बताया कि पिछले कई महीनों से उन्हें सिख जत्थों, संतों, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, धार्मिक संगठनों और हजारों श्रद्धालुओं की ओर से लगातार मांग पत्र मिल रहे हैं। सभी ने अमृतसर और हजूर साहिब के बीच आधुनिक, तेज और आरामदायक स्लीपर ट्रेन सेवा शुरू करने की अपील की है। औजला ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर और तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ सिख धर्म के दो प्रमुख तीर्थ स्थल हैं।
हर साल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए इस लंबे सफर पर जाते हैं। मौजूदा ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आधुनिक स्लीपर सेवा की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है। सांसद ने रेल मंत्री से मांग की कि अमृतसर-नांदेड़ के बीच जल्द से जल्द दैनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाए। साथ ही ट्रेन का समय ऐसा रखा जाए कि यात्रियों को देर रात या तड़के सुबह की असुविधा न हो।
उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन के प्रस्थान और आगमन का समय दिन या शाम के दौरान निर्धारित किया जाए, ताकि श्रद्धालु, वरिष्ठ नागरिक और परिवार आसानी से यात्रा कर सकें। औजला ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय श्रद्धालुओं की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर दोनों पवित्र तख्तों के बीच बेहतर और आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगा।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)
मेष: दिन शुभ रहेगा...