MP dedicates two boats to farmers : अमृतसर। अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आज सीमावर्ती क्षेत्र में कमालपुर चौकी से आगे बीएसएफ की बीओपी में 56 नंबर गेट के निकट रावी नदी में सांसद निधि (MPLAD) के तहत दो नई बड़ी नौकाएं किसानों को समर्पित कीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये नौकाएं सीमावर्ती किसानों के लिए किसी जीवनरेखा से कम नहीं हैं, क्योंकि नदी के पार स्थित उनकी कृषि भूमि तक पहुंचने का यही एकमात्र साधन है। इस दौरान उनके साथ उनके भाई सुखजिंदर औजला भी मौजूद रहे। औजला ने बताया कि इस स्थान पर बीएसएफ की डिफेंस लाइन है और इसके आगे नदी पार किसानों की खेती योग्य जमीन है। पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ के दौरान पहले उपलब्ध कराई गई नौकाएं बह गई थीं, जिसके कारण किसानों को अपनी जमीन तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों की लगातार मांग को देखते हुए अब दो नई नौकाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में भी जब वह इस क्षेत्र में आए थे, तब किसानों ने नौकाओं की मांग रखी थी। उस समय उन्होंने अपने निजी प्रयासों से नौकाओं की व्यवस्था करवाई थी, जबकि अब सांसद बनने के बाद सांसद निधि के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि अब तक कुल चार बड़ी नौकाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार कुछ छोटी नौकाओं की भी व्यवस्था की गई है। औजला ने कहा कि नई नौकाओं की क्षमता इतनी है कि इन पर ट्रैक्टर, कंबाइन हार्वेस्टर और अन्य भारी कृषि मशीनरी भी आसानी से नदी पार ले जाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त छोटी नौकाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि दो से पांच लोगों अथवा कम कृषि सामान के साथ जाने वाले किसानों को बड़ी नौका का इंतजार न करना पड़े और वे आवश्यकता अनुसार स्वयं भी उनका उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर सांसद ने सीमावर्ती क्षेत्र में बन रही लगभग 58 करोड़ रुपये की सड़क का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के लिए वह वर्ष 2017 से लगातार संसद में आवाज उठाते रहे हैं तथा संबंधित केंद्रीय विभागों के साथ कई स्तरों पर बैठकें कर इस परियोजना को मंजूरी दिलाई। यह केंद्र सरकार की परियोजना है, जिसके लिए एडीएफ के माध्यम से धनराशि जारी की गई है और अब सड़क का निर्माण तेजी से जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल की टिप्पणियों का जवाब देते हुए औजला ने कहा कि विकास कार्य केवल फोटो खिंचवाने से नहीं होते, बल्कि निरंतर प्रयास, योजनाबद्ध तरीके से मुद्दे उठाने और संसद में जनता की आवाज बुलंद करने से परियोजनाओं को मंजूरी मिलती है।
उन्होंने कहा कि वह जल्द ही वर्ष 2017-18 के दौरान संसद में इस सड़क से जुड़े उठाए गए मुद्दों की टाइमलाइन और रिकॉर्ड भी सार्वजनिक करेंगे, जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि यह परियोजना किन प्रयासों का परिणाम है। औजला ने कहा कि अजनाला क्षेत्र में नशे की समस्या आज भी गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला दायित्व नशे पर रोक लगाना और युवाओं को बचाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब वह लखूवाल गए थे, तब उन्होंने एसएसपी से बातचीत कर नशे के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करवाई थी, लेकिन आज भी कई क्षेत्रों में इस समस्या पर सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अजनाला और सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए उनका विजन हमेशा दीर्घकालिक रहा है। इसी सोच के तहत फोरलेन सड़कों, सीमावर्ती बुनियादी ढांचे और अन्य विकास परियोजनाओं को केंद्र सरकार से मंजूरी दिलाई गई। उन्होंने कहा कि आज जिन सड़कों के कारण लोग कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच पा रहे हैं, वे भी वर्षों के लगातार प्रयासों का परिणाम हैं। सांसद ने कहा कि वह राजनीतिक बयानबाजी की बजाय विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देना, किसानों की समस्याओं का समाधान करना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है और भविष्य में भी यह प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...