Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाजारों में कब्जे पर नगर निगम की आंखे बंद; 26 माह से शिकायत पर कार्रवाई नहीं

October 4, 2026

बाजारों में कब्जे पर नगर निगम की आंखे बंद; 26 माह से शिकायत पर कार्रवाई नहीं

बठिंडा : बठिंडा शहर में सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अवैध कब्जों के बीच नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जीटी रोड पर पुराने बस स्टैंड चौक के पास सरकारी जमीन और फुटपाथ पर कई वर्षों से कथित कब्जे की शिकायत करने के बावजूद नगर निगम अब तक इसे हटाने में नाकाम रहा है। खास बात यह है कि मामले में पंजाब सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग और डायरेक्टोरेट स्थानीय सरकार की ओर से भी कार्रवाई के लिए शिकायत नगर निगम तक भेजी जा चुकी है, लेकिन ढाई साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आज तक कार्रवाई नहीं हो सकी।

शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित विभागों से शिकायत नगर निगम तक पहुंचने के बावजूद करीब 26 महीने बीत चुके हैं, लेकिन कथित अवैध कब्जा अब तक नहीं हटाया गया। इसे लेकर अब दोबारा मुख्यमंत्री, स्थानीय सरकार विभाग के अधिकारियों, डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम अधिकारियों को शिकायत भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने बठिंडा के धोबी बाजार, मिड्डू मल वाली गली, कीकर बाजार, बैंक बाजार, आर्य समाज चौक, मेहना चौक, किला रोड, कोर्ट रोड, सिरकी बाजार, सदर बाजार, पोस्ट ऑफिस बाजार, हाथी मंदिर वाली गली, हाजी रतन चौक, सब्जी मंडी रोड, बस स्टैंड की बैक साइड रोड, जीटी रोड और अमरीक सिंह रोड समेत कई इलाकों में अवैध कब्जे की शिकायत की थी।

शिकायत के अनुसार, फुटपाथों पर दुकानदारों या अन्य लोगों द्वारा सामान आदि रखने के कारण पैदल चलने वालों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे हादसे की आशंका के साथ-साथ बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ती है। त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने वाली है। ऐसे में सड़कों और फुटपाथों पर कथित कब्जों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था और बिगड़ सकती है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर से शहर के बाजारों, सड़कों, गलियों और फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें