
जालंधर: शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट को लागू करने के विरोध में नगर निगम की विभिन्न यूनियन ने आज अपनी पूर्व घोषित हड़ताल शुरू कर दी। सफाई मजदूर फैडरेशन पंजाब के महासचिव सन्नी सहोता के नेतृत्व में नगर निगम के कर्मचारियों ने आज पहले नगर निगम कार्यालय में अपनी मांगों को लेकर और सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उसके बाद नगर निगम के प्रवेश द्वार के शटर गिराकर वहां ताले लगा दिए ताकि कोई भी कर्मचारी अथवा अधिकारी अंदर प्रवेश न कर सके।
यूनियन की हड़ताल के चलते आज शहर में कूड़े की लिफ्टिंग नहीं हुई जिस कारण शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे । गौरतलब है कि करीब 600 करोड़ रुपए के सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट के तहत घर-घर कचरे की लिफ्टिंग होनी है और बीवीजी कंपनी इस कूड़े को खाद के रूप में भी प्रयोग करेगी। नगर निगम की सभी यूनियन सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट के खिलाफ है और इसे लागू नहीं होने देना चाहती।
नगर निगम की वित्त और ठेका कमेटी ( एफ एंड सीसी) ने कल अपनी बैठक में सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट को पास कर दिया था हालांकि इसे लागू करने के लिए मेयर वनीत धीर को उसे नगर निगम की हाऊस की बैठक में पास करवाना होगा। एफएंडसीसी में इस प्रोजैक्ट के पास होते ही नगर निगम की विभिन्न यूनियनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। वहीं दूसरी ओर बंटू सभ्रवाल ग्रुप की सभी यूनियनों ने भी आज अपनी विशेष बैठक करके सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट और अन्य मांगों को लेकर काम बंद करने की घोषणा कर दी है । सन्नी सहोता और अनिल सभ्रवाल के नेतृत्व वाली यूनियनों ने घोषणा कर दी है कि सोमवार से वह सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट प्रोजैक्ट और अन्य मांगों को लेकर अपना प्रदर्शन और भी तेज और उग्र कर देंगे।
आज धरना प्रदर्शन करने वालों में सफाई मजदूर फैडरेशन पंजाब के महासचिव सन्नी सहोता के अतिरिक्त सैनेटरी सुपरवाइजर यूनियन के प्रधान सन्नी सेठी, निगम सफाई मजदूर यूनियन के प्रधान गौरव गिल, म्यूनीसिपल कर्मचारी संघ पंजाब के प्रधान विनोद सहोता, ड्राइवर एंड जेसीबी ऑपरेटर यूनियन के प्रधान अनिल सभ्रवाल,शाम लाल गिल, जुगल किशोर,संजीव कुमार, प्रदीप कुमार, सीवरमैन कर्मचारी यूनियन के पवन बाबा, प्रधान राजू छोटा,जोंटी सरवटे, काका सहोता,वाटर सप्लाई रिकवरी स्टाफ के प्रधान हरजीत बॉबी, राजिंदर सभ्रवाल, सैनेटरी इंस्पैक्टर एसोसिएशन के प्रधान विक्रांत सिधु, कर्मचारी तालमेल कमेटी के चेयरमैन पवन अग्निहोत्री और विभिन्न यूनियन के पदाधिकारी सोम नाथ मेहतपुरी, विक्की सहोता, गुरबिंदर सिंह, गुरप्रीत गोपी, बब्ालू सोंधी, सचिन बत्रा, प्रदीप सरवटे,बंटी थापर, हीरो सभ्रवाल आदि मौजूद थे।