Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रीय एकता के साथ नशामुक्ति का संदेश देगी रैली

October 18, 2026

राष्ट्रीय एकता के साथ नशामुक्ति का संदेश देगी रैली

National Unity Motorcycle Rally Flagged Off : जालंधर। एडीजीपी एमएफ फारूकी ने पीएपी कॉम्प्लेक्स से राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पंजाब पुलिस की 10 मोटरसाइकिलों का दस्ता 21 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचेगा और 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होगा। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं को नशामुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह रैली देश की एकता, अखंडता और एकजुटता को प्रोत्साहित करने के लिए भारत के हर राज्य के मोटरसाइकिल सवारों को एक साझा मंच प्रदान करती है। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए ए.डी.जी.पी. ने बताया कि 10 मोटरसाइकिलों का दस्ता, जिसमें अन्य सहायक कर्मचारी भी शामिल हैं, आज पी.ए.पी. कैंपस से रवाना किया गया है, जो पंजाब पुलिस का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि ये मोटरसाइकिल सवार 21 अक्तूबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां देश भर से आए अन्य मोटरसाइकिल राइडर्स की ओर से मोटरसाइकिल रैली में भाग लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यहां से इस रैली को राष्ट्र स्तर की रैली के तहत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही परेड में शामिल होगी। उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रीय एकता के विषय के अलावा पंजाब पुलिस की टुकड़ी द्वारा इस यात्रा के दौरान नशों के खिलाफ प्रभावी ढंग से प्रचार किया जाएगा। यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सवार स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर लोगों, खासकर युवाओं से सीधी बातचीत करेंगे। फारूकी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार अपने साथ शिक्षा और प्रेरणादायक सामग्री भी लेकर जाएंगे और वे लोगों को नशों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि इस साझा पहल का उद्देश्य देश के युवाओं को आपस में जोड़ने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी को प्रेरित करना और देश के भविष्य में रचनात्मक एवं सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें