Site icon Dainik Savera Times

मामूली बहस के बाद पड़ोसी ने अपने भाई के साथ काम कर रहे युवक के माथे पर मारी गोली

लुधियाना: जमालपुर के मुंडियां, राम नगर में भाई के साथ दुकान पर काम कर रहे 19 वर्षीय युवक हिमांशु की पड़ोसी ने मामूली बहस के बाद उसके माथे पर गोली मार दी। लहूलुहान युवक को उसका भाई उठाकर फोर्टिस अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ग्लाडा में चतुर्थ श्रेणी का मुलाजिम बताया जा रहा है। दुकान के अंदर आते और हत्या के बाद बाहर जाते आरोपी की सी.सी.टी.वी. फुटेज भी सामने आई है। सूचना मिलने पर ए.सी.पी. जसबिंदर सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को आरोपी के घर से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद हो गई है। बरामद पिस्टल कंट्री मेड बताई जा रही है।

हालांकि पुलिस बरामद हथियार को वैरीफाई कर रही है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी गुलशन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मृतक हिमांशु और उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। 5 साल से हिमांशु का भाई और उसका परिवार मुंडियां के राम नगर की गली नंबर 9 में किराए पर रह रहा है। घर के नजदीक ही हिमांशु के भाई रितेश की हेयर ड्रैसर की दुकान है।

5 महीने पहले हिमांशु भी गांव से भाई रितेश के पास आ गया और उसके पास ही दुकान पर काम करने लगा, जबकि ग्लाडा में बतौर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी काम करने वाला गुलशन भी उनकी दुकान के सामने रहता है। गुलशन को पिता की मौत के बाद ही तरस के आधार पर यह नौकरी मिली है। वीरवार को दशहरे के दिन हिमांशु और उसका भाई रितेश दुकान पर मौजूद थे। तभी सामने रहने वाला गुलशन उनकी दुकान में आया। दुकान के अंदर आते ही उसने दोनों भाईयों को भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर हिमांशु की आरोपी गुलशन से बहसबाजी हो गई। इसके बाद गुलशन तेजी से दुकान में से निकला और अपने घर चला गया। चंद लम्हों के बाद ही वह घर से बाहर आया। उसके हाथ में पिस्टल थी। वह दुकान में घुसा और हिमांशु के माथे पर गोली मार दी। गोली लगने से हिमांशु लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।

वारदात के बाद आरोपी दुकान से फरार हो गया। लहूलुहान हिमांशु को उसका भाई रितेश उठाकर फोर्टिस अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ए.सी.पी. जसबिंदर सिंह का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। उसकी जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Bomb Threat: पंजाब बजट के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Exit mobile version