Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर में 18 किलो से अधिक हेरोइन जब्त, मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

April 11, 2025

अमृतसर में 18 किलो से अधिक हेरोइन जब्त, मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस के मादक पदार्थ रोधी कार्य बल ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 18 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार किया गया आरोपी और उसका एक सहयोगी पाकिस्तान के एक मादक पदार्थ तस्कर से जुड़े थे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘एक अभियान के तहत, पंजाब पुलिस के मादक पदार्थ रोधी कार्यबल ने अमृतसर के हीरा सिंह उर्फ ?? हीरा को गिरफ्तार कर उसके पास से 18.227 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।’’  डीजीपी ने कहा कि जांच में पता चला है कि हीरा सिंह और उसका सहयोगी कुलविंदर सिंह उर्फ?किंदा पाकिस्तान स्थित तस्कर बिल्ला से जुड़े थे।
उन्होंने कहा, ‘‘वे सीमा पार से हेरोइन की तस्करी में संलिप्त थे और तस्कर के कहे अनुसार इसकी तस्करी कर रहे थे।’’ यादव ने कहा कि ‘‘कुलविंदर सिंह  को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है’’ और ‘‘पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए’’ आगे की जांच जारी है।
पंजाब पुलिस ने बाद में एक बयान में कहा कि अमृतसर के खैरा गांव का निवासी हीरा सिंह एक प्रमुख मादक पदार्थ तस्कर है। पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। डीजीपी ने कहा कि पाकिस्तान का मादक पदार्थ तस्कर बिल्ला पिछले एक साल से सीमा पार से हेरोइन की बड़ी खेप गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है।
अतिरिक्त डीजीपी (मादक पदार्थ रोधी कार्य बल) नीलाभ किशोर ने कहा कि अमृतसर सीमा क्षेत्र की उनकी टीम को एक विश्वसनीय जानकारी मिला थी कि आरोपी हीरा सिंह और कुलविंदर  सह कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर हैं और पिछले एक साल से पाकिस्तान के मादक पदार्थ तस्करों से ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप प्राप्त कर रहे हैं।
त्वरित कार्रवाई करते हुए अमृतसर के पुलिस अधीक्षक (एएनटीएफ) गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस दलों ने एक अभियान शुरू किया और हेरोइन की खेप पहुंचाने के लिए मोटरसाइकिल पर अपने घर से निकले हीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस दलों ने उसके कब्जे से 12 पैकेट हेरोइन (प्रत्येक 1.5 किलोग्राम) बरामद की, जिसका कुल वजन 18 किलो 227 ग्राम है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें