Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

धान की फसल खराब करने का आरोप, पुलिस जांच शुरू

September 26, 2026

धान की फसल खराब करने का आरोप, पुलिस जांच शुरू

paddy-crop-damaged-police-probe-begins : मोगा। गांव धल्लेके में खड़ी धान की फसल को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। गांव के किसान गुरदीप सिंह ने गांव के ही रहने वाले एनआरआई जोगिंदर सिंह पर उसकी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के लिए कथित तौर पर स्प्रे करने के आरोप लगाए हैं।

किसान ने इस संबंध में थाना कोटईसे खां में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। किसान गुरदीप सिंह ने बताया कि उसने अपने खेत में धान की फसल लगाई हुई है। कुछ समय बाद फसल के रंग में बदलाव दिखाई देने लगा। इसके बाद उसे फसल को किसी जहरीले पदार्थ या अन्य स्प्रे के जरिए नुकसान पहुंचाए जाने का संदेह हुआ। किसान के अनुसार, फसल की जांच करवाने पर प्रभावित होने की बात सामने आई। उसने आरोप लगाया कि इससे उसकी खड़ी फसल को काफी नुकसान हुआ है।

गुरदीप सिंह ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी जोगिंदर सिंह की ओर से उसकी फसल को नुकसान पहुंचाने की कथित धमकी दी गई थी और इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी। किसान का कहना है कि यदि पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद मौजूदा नुकसान से बचा जा सकता था। उसने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। गांव के सरपंच के अनुसार, किसान की फसल को हुए नुकसान की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी किसान की फसल को नुकसान होने की बात सामने आई थी। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। उधर, जांच अधिकारी ने बताया कि किसान गुरदीप सिंह की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें