Site icon Dainik Savera Times

जालंधर की नई अनाज मंडी में धान खरीद शुरू, 10.84 लाख मीट्रिक टन फसल आने का अनुमान

पंजाब डेस्क: जालंधर की नई अनाज मंडी में सोमवार को धान की खरीद प्रक्रिया शुरू की गई। पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर विनीत धीर और डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने खरीद प्रक्रिया की शुरुआत कर अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।

79 खरीद केंद्रों पर धान पहुंचने का अनुमान

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि इस सीजन में जालंधर जिले के 79 खरीद केंद्रों पर करीब 10.84 लाख मीट्रिक टन धान पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि किसानों की पूरी फसल खरीदने के लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी गई फसल का समय पर उठान हो और किसानों को भुगतान में किसी तरह की देरी न हो। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धान का MSP ₹2,461 प्रति क्विंटल

मंत्री ने बताया कि इस साल सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा मंडियों में लाई जाने वाली फसल को निर्धारित समय के भीतर खरीदने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

मंडियों में पानी, सफाई और बारदाने की व्यवस्था

अधिकारियों के अनुसार मंडियों में पीने के साफ पानी, सफाई, तिरपाल और बारदाने समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जरूरत के मुताबिक बारदाना मंडियों में उपलब्ध रहे।

मंत्री, मेयर और डिप्टी कमिश्नर ने मंडी में मौजूद किसानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान श्रमिकों और फसल की ढुलाई के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी भी ली गई।

किसानों से सूखी फसल मंडी में लाने की अपील

अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि मंडियों में सूखी धान की फसल ही लेकर आएं। धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित की गई है। किसानों को रात के समय फसल की कटाई से बचने की सलाह भी दी गई।

किसान ने खरीद व्यवस्था पर जताया संतोष

स्थानीय किसान कुलदीप सिंह ने बताया कि मंडी पहुंचने के बाद उनकी पूरी फसल तुरंत खरीद ली गई। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना की। उनके अनुसार मार्केट कमेटी ने किसानों के लिए पीने के पानी और बैठने के लिए कुर्सियों जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं।

इस अवसर पर हलका प्रभारी राजविंदर कौर थियाड़ा, एसडीएम शायरी मल्होत्रा, DFSC हरशरण सिंह, DMO अरविंदर सिंह साही और आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Exit mobile version