Site icon Dainik Savera Times

सिटी रेलवे स्टेशन पर लेट गाड़ियों को पकड़ने के लिए महिलाओं और विकलांगों के डिब्बे में ही घुस गए यात्री

जालंधर: सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी में बैठने को लेकर हो रही धक्का-मुक्की और भागमभाग में यात्री यह भी नहीं देख रहे कि वे किस डिब्बे में चढ़ रहे हैं। बस ट्रेन पकड़नी है, डिब्बा चाहे कोई भी हो। इसी का उदहारण है कि शुक्रवार को यात्री गाड़ी पकड़ने के लिए महिलाओं और दिव्यांगों के डिब्बे में ही जबरन घुस गए जबकि रेलवे ने ये डिब्बे सिर्फ अपाहिजों और महिलाओं के लिए आरक्षित कर रखे हैं लेकिन यात्रियों में पुलिस और रेलवे अधिकारियों का भी कोई डर नहीं है। उधर, शनिवार को रोजाना की तरह ही ट्रेनें अपनी निर्धारित समय से घंटों देरी से स्टेशन पहुंचीं। जहां यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। गाड़ियों के लेट होने के कारण यात्रियों की भीड़ भी स्टेशन पर हो जाती है क्योंकि लोग अपनी गाड़ी के मुताबिक समय पर आते हैं, लेकिन आगे से गाड़ी जब घंटों लेट होती है तो यात्रियों की संख्या स्टेशन पर बढ़ती जाती है जिससे प्लेटफार्मो पर यात्रियों के बैठने और सामान रखने की जगह भी कम पड़ जाती है।

यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आज भी मालवा एक्सप्रैस सवा तीन घंटे देरी से स्टेशन पहुंची जबकि अमरनाथ एक्सप्रैस दो घंटे, शहीद एक्सप्रैस डेढ़ घंटा, गरीबरथ एक्सप्रैस, जम्मूतवी एक्सप्रैस सवा एक घंटा, अमृतसर एक्सप्रैस पौना घंटा, जननायक एक्सप्रैस, होशियारपुर एक्सप्रैस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रैस, अमृतसर साप्ताहिक एक्सप्रैस और शालीमार एक्सप्रैस आधा घंटा इंतजार करवाने के बाद आई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अभी ट्रेनों के समय में सुधार होने की संभावना कम है। इसमें कुछ दिन का समय और लगेगा क्योंकि अभी गाड़ियों के रूट बदले हैं और समय सारिणी में भी परिवर्तन किया गया है जिससे गाड़ियां लेट हो रही हैं। उनके मुताबिक कुछ गाड़ियों के समय में सुधार भी हुआ है।

ये भी पढ़े- बंगाल सहित इन राज्यों में कब होंगे चुनाव? ECI आज करेगा तारीखों का ऐलान

Exit mobile version