पटियाला: रंगला पंजाब प्रोजैक्ट के अंतर्गत विशेष तौर पर गांवों और शहरी वाडरें में विकास कार्यों के लिए लगातार सक्रिय मुहिम चलाई जा रही है। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला ग्रामीण हलके के गांवों और शहरी वाडरें में किए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए पंचों-सरपंचों, वार्ड पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए यह बात कही है। डा. बलबीर सिंह ने कहा कि गांव स्तर पर छप्पड़ों की सफाई और विकास का काम थापर और सीचेवाल मॉडल के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार लाने के लिए स्कूलों और अस्पतालों को विशेष प्राथमिकता देकर मौजूदा बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा। इस दौरान कई गांवों के सरपंचों ने दशकों बाद टेल तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए सरकार का आभार जताया। डा. बलबीर सिंह ने नगर निगम में 14 नए कूड़ा डंप ई-वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों का इस्तेमाल शहर के अलग-अलग इलाकों से कूड़ा इकट्ठा करने के लिए किया जाएगा ताकि साफ-सफाई सही तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ विभागीय काम नहीं है, इसका सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से है। इस मौके पर मेयर कुंदन गोगिया, डिप्टी मेयर हरिंदर सिंह कोहली और नगर निगम कमिश्नर परमवीर सिंह मौजूद थे।
इसी क्रम में डॉ. बलबीर सिंह ने 24 घंटे पानी की आपूर्ति, कॉलोनियों में सड़कें, सीवरेज, जलापूर्ति, पार्क और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर क्षेत्र में अच्छी सफाई सेवाएं पहुंचे ताकि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। इस अवसर पर जसवीर गांधी, जय शंकर, सुरेश राय, गज्जण सिंह, बड़ी संख्या में सरपंच व ब्लॉक प्रधान, वार्ड पार्षद, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमरिंदर सिंह टिवाणा, एसडीएम कृपालवीर सिंह, एसडीएम गुरदेव सिंह धम्म, सिविल सर्जन जगपालिंदर सिंह, डीडीपीओ, बीडीपीओ व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।