Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर जिले में किसानों को खरीदी गई धान का 818 करोड़ का भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है- डिप्टी कमिश्नर

October 27, 2024

जालंधर जिले में किसानों को खरीदी गई धान का 818 करोड़ का भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है- डिप्टी कमिश्नर

जालंधर: डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में धान खरीद प्रक्रिया को उचित ढंग से चलाने के लिए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मंडियों में धान की निर्बाध खरीद, समय पर भुगतान और साथ-साथ लिफ्टिंग के संबंध में दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से समीक्षा की जा रही है।

डा. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि अब तक किसानों को खरीदी गई धान का 818 करोड़ का भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले की मंडियों में 409356 मीट्रिक टन धान की आमद हो चुकी है, जिसमें से 403510 मीट्रिक टन धान विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले भर की सभी दाना मंडियों में धान की तेजी से लिफ्टिंग सुनिश्चित की जा रही है और अब तक 103098 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में धान की लिफ्टिंग में और तेजी लाई जाएगी, जिस संबंधी अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके है।

डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया कि धान की खरीद प्रक्रिया में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले की मंडियों में धान की उचित एवं प्रभावी लिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित एस.डी.एम. मंडियों में धान खरीद प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखें, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

डा. अग्रवाल ने किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की पंजाब सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए कहा कि जिला प्रशासन खरीद व्यवस्था को उचित ढंग से चलाने में कोई कमी नहीं आने देगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें