Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में 19 से 21 नवंबर तक लगेगा पेंशन सेवा मेला, पेंशनरों को मिलेगी बड़ी राहत

November 18, 2026

मोगा में 19 से 21 नवंबर तक लगेगा पेंशन सेवा मेला, पेंशनरों को मिलेगी बड़ी राहत

मोगा: पंजाब सरकार की ओर से पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी और सुचारू ढंग से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू किए गए पेंशन सेवा पोर्टल के तहत जिला खजाना कार्यालय मोगा में 19 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक विशेष पेंशन सेवा मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के दौरान पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों की ई-केवाईसी करने के साथ-साथ उनके डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला खजाना अधिकारी मोगा वरियाम सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से 3 नवंबर 2025 से पेंशन सेवा पोर्टल लागू किया जा चुका है। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को पेंशन से संबंधित सेवाएं ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाना है। इसके माध्यम से पेंशनरों के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड किए जाने के साथ-साथ उनकी ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी की जानी है।

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पेंशन सेवा पोर्टल की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए सभी पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों की ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य किया गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला खजाना कार्यालय मोगा में तीन दिवसीय विशेष पेंशन सेवा मेला लगाया जा रहा है, ताकि किसी भी पेंशनर को अपनी ई-केवाईसी और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड करवाने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला खजाना अधिकारी ने बताया कि 19, 20 और 21 नवंबर को प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यह मेला चलेगा। इस दौरान संबंधित कर्मचारियों की ओर से पेंशनरों की ई-केवाईसी करने और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को निर्धारित तिथियों के दौरान जिला खजाना कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने जिले के सभी पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों से अपील की कि वे अपनी ई-केवाईसी और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड करवाने में देरी न करें तथा निर्धारित समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करवा लें, ताकि भविष्य में पेंशन से संबंधित सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।

उन्होंने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि निहाल सिंह वाला और धर्मकोट के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनरों को मोगा जिला खजाना कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। वे अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित उप-खजाना कार्यालय निहाल सिंह वाला और धर्मकोट में भी ई-केवाईसी तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अपलोड करवाने की प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।

जिला खजाना अधिकारी ने कहा कि पंजाब सरकार का प्रयास है कि पेंशनरों को घर के नजदीक और सरल तरीके से सुविधाएं उपलब्ध हों। इस विशेष पेंशन सेवा मेले का लाभ उठाकर सभी पेंशनर अपनी जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करवाएं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें