Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

राखी पर्व को लेकर लोगों में उत्साह, बाजारों में सजी राखियों और मिठाइयों की रौनक

August 24, 2026

राखी पर्व को लेकर लोगों में उत्साह, बाजारों में सजी राखियों और मिठाइयों की रौनक

पठानकोट : रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर पठानकोट शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह के प्रतीक इस त्योहार को लेकर बहनें इन दिनों बाजारों में राखियों की खरीदारी करती नजर आ रही हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में राखियों की विभिन्न वैरायटी से दुकानें सज चुकी हैं, और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ भी लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में शहर में नया खुला भंडारी हाउस ऑफ़ ब्यूटी का शोरूम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बच्चों, युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए राखियों की अलग-अलग डिजाइन और वैरायटी उपलब्ध करवाई गई है।

आकर्षक डिजाइन, रंग-बिरंगी राखियां और अलग-अलग स्टाइल की राखियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियां खरीदने में काफी उत्साह दिखा रही हैं। रक्षाबंधन के त्योहार में राखी के साथ मिठाई का भी अपना विशेष महत्व है। भाई की कलाई पर राखी बांधने के बाद बहन द्वारा मिठाई खिलाने की परंपरा भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है।

भले ही बदलते समय के साथ वेस्टर्न कल्चर का प्रभाव हमारे समाज और त्योहार मनाने के तरीकों पर पड़ा है, लेकिन आज भी पारंपरिक त्योहारों में मिठाई की अपनी अलग पहचान और महत्व कायम है। यही कारण है, कि रक्षाबंधन के मौके पर मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। हालांकि इस बार चीनी के बढ़े हुए भाव का असर मिठाई की कीमतों पर जरूर दिखाई दे रहा है, और मिठाई पहले के मुकाबले कुछ महंगी हुई है।

इसके बावजूद त्यौहार की खुशी और भाई-बहन के रिश्ते की मिठास के आगे महंगाई शहरवासियों के उत्साह को कम नहीं कर पा रही। लोग अपनी क्षमता के अनुसार मिठाइयां और अन्य उपहार खरीदते नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर रक्षाबंधन पर्व को लेकर पठानकोट के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बहनों में राखी खरीदने को लेकर उत्साह है तो दुकानदार भी अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए हुए हैं।
बाजारों में सजी रंग-बिरंगी राखियां, मिठाइयों की खुशबू और त्यौहार की तैयारियां इस बात का एहसास करा रही हैं, कि भाई-बहन के अटूट प्रेम का यह पवित्र पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाने के लिए शहर पूरी तरह तैयार है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें