Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोगों ने फैसला कर लिया है, सर्वे आ चुका है कि आप 13-0 से जीत रही है : सीएम मान

May 30, 2024

लोगों ने फैसला कर लिया है, सर्वे आ चुका है कि आप 13-0 से जीत रही है : सीएम मान

नंगल/मोरिंडा/श्री आनंदपुर साहिब/जालंधर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को श्री आनंदपुर साहिब में मलविंदर सिंह कंग के लिए प्रचार किया। सबसे पहले सीएम ने मोरिंडा में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा और अपने 2 साल के कामों को गिनाया। रैली के बाद सीएम ने आप उम्मीदवार कंग के साथ नंगल, बंगा और बलाचौर में बड़े रोड शो किए।

रोड शो के दौरान मान ने लोगों से आप उम्मीदवार का समर्थन करने और उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर संसद में भेजने की अपील की। नंगल में लोगों को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि सर्वे आ गए हैं कि पंजाब की जनता ने फैसला कर लिया है कि इस बार आम आदमी पार्टी को पंजाब में 13-0 से जिताना है। उन्होंने लोगों से मलविंदर कंग को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की और कहा कि कंग को संसद में भेजो, फिर सब कुछ हमारी जिम्मेदारी होगी। हम मिलकर श्री आनंदपुर साहिब के लिए काम करेंगे। मान ने वादा किया कि वे श्री आनंदपुर साहिब को बड़ा पर्यटन स्थल बनाएंगे।

बंगा में मान ने लोगों से पंजाब के लुटेरों को हराने और आप उम्मीदवार को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि 1 जून के बाद लोगों की जिम्मेदारी पूरी होगी और उनका (मान का) काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अपने स्वार्थ के लिए वोट मांग रहे हैं। मैं आपके और आपके बच्चों के लिए वोट मांग रहा हूं। मान ने कहा कि मैंने 20-25 दिनों में 100 से ज्यादा रैलियां की जिसमें एक बात जो कॉमन है कि हर लोकसभा सीट पर लोगों का समर्थन और उत्साह एक समान है।

मान ने कहा कि उनका अगला कदम महिलाओं को 1,000 रुपए प्रति माह देने की गारंटी को पूरा करना होगा और अब उन्होंने इसके बदले 1,100 रुपए देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह लोगों का पैसा है और इसे लोगों पर ही खर्च किया जाएगा। मान ने लोगों से 1 जून को गर्मी का सामना करने का आह्वान किया और कहा कि आपका वोट आपके बच्चों का भविष्य तय करेगा।

बलाचौर में मान ने कहा कि वह लोगों के प्यार और समर्थन के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यहां का तापमान 45 डिग्री है फिर भी लोग हमें सुनने आए हैं। वहीं विरोधी नेता अपने घरों से बाहर भी नहीं निकलते क्योंकि लोग पैसे पर भी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।

मान ने कहा कि अभी वह अकेले ही केंद्र और राज्यपाल के खिलाफ लड़ रहे हैं। मुङो 13 और हाथ व आवाज देकर हमें मजबूत करो। हमारे सभी सांसद लोकसभा में आपकी आवाज उठाएंगे। मान ने कहा कि केंद्र से भाजपा की सरकार जा रही है। आप उम्मीदवार मलविंदर सिंह कंग ने सीएम भगवंत सिंह मान और श्री आनंदपुर साहिब के लोगों का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद किया। कंग ने कहा कि मुङो आनंदपुर साहिब के लोगों की सेवा करने का गौरव दीजिए और मैं क्षेत्र के लिए पूरी ईमानदारी और तन-मन से काम करूंगा। कभी भी आपको शिकायत का कोई मौका नहीं दूंगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें