पटियाला: डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे मध्य-पूर्व एशिया और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात के मद्देनजर किसी भी तरह की घबराहट में आकर पैट्रोल-डीजल सहित घरेलू गैस की अनावश्यक और अतिरिक्त खरीदारी न करें। उन्होंने सभी पैट्रोल पंपों और गैस एजैंसियों के मालिकों को भी निर्देश दिए हैं कि इन आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रखी जाए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाई जाए और न ही गैस सप्लाई या पैट्रोल-डीजल सप्लाई बंद होने संबंधी किसी भी अफवाह पर विश्वास किया जाए।
डिप्टी कमिश्नर आज यहां जिला प्रबंधकीय परिसर में जिले के पैट्रोल पंप मालिकों की एसोसिएशन और गैस एजैंसियों के प्रतिनिधियों, पैट्रोलियम कॉरपोरेशनों और एलपीजी कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल तथा एचपीसीएल के सेल्स अधिकारियों सहित जिला खाद्य एवं सिविल सप्लाई कंट्रोलर डॉ. रविंदर कौर और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे। इस अवसर पर वरजीत वालिया ने घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस सप्लाई और वाहनों के लिए पैट्रोल-डीजल की निरंतर सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों तथा जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी दी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले में 290 पैट्रोल पंप और 58 गैस एजैंसियां हैं, जहां गैस और तेल की सप्लाई बिना रुकावट के लगातार सुनिश्चित की जा रही है।
इसलिए लोगों को किसी भी प्रकार की घबराहट में आकर तेल और गैस की जमाखोरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार की मुख्य प्राथमिकता घरेलू सप्लाई है, जिसके लिए 31 मार्च तक व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए गैस सप्लाई को कुछ कम किया गया है, लेकिन मैडीकल और शैक्षणिक संस्थानों को सप्लाई में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर आईओसीएल के प्रतिनिधि राघव गुप्ता ने बताया कि लोगों द्वारा घबराहट में लगातार गैस बुकिंग करवाई जा रही है, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है। इसी कारण ग्राहक शाम 6 से सुबह 9 बजे तक बुकिंग करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जमाखोरी रोकने के लिए पहली बुकिंग के बाद अगली बुकिंग के लिए 25 दिनों का अंतर रखा गया है, हालांकि सप्लाई में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है।