Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दूषित पानी की सप्लाई से लोग परेशान

August 16, 2026

दूषित पानी की सप्लाई से लोग परेशान

People troubled by contaminated water supply. : मोगा। वार्ड नंबर 38 के प्रताप रोड, न्यू टाउन समेत कई इलाकों में घरों में गंदे व दूषित पानी की सप्लाई आने से लोग परेशान हैं। लंबे समय से बनी समस्या को लेकर नगर निगम को शिकायतें देने के बावजूद समाधान नहीं होने पर पार्षद और लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतों के बावजूद दूषित पानी से निजात नहीं

वार्ड नंबर 38 की नगर पार्षद डिंपल अरोड़ा ने कहा कि दूषित पानी की समस्या को लेकर 11 अगस्त को नगर निगम मोगा को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके अलावा हाउस मीटिंग में भी इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है तथा डेली कंप्लेंट बुक में लगातार शिकायतें दर्ज करवाई जा रही हैं। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पार्षद डिंपल अरोड़ा ने कहा कि गंदे पानी की सप्लाई महज असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संबंधित अधिकारियों की टीम को तुरंत मौके पर भेजकर पानी की पाइपलाइनों और सीवरेज व्यवस्था की जांच करवाई जाए तथा दूषित पानी की सप्लाई का कारण पता लगाकर उसे तत्काल दूर किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से केवल अस्थायी कार्रवाई के बजाय समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। साथ ही शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को पता चल सके कि उनकी शिकायत पर प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं। पूर्व नगर पार्षद साहिल अरोड़ा ने भी कहा कि न्यू टाउन सहित वार्ड के कई क्षेत्रों के लोग लंबे समय से इस समस्या से परेशान हैं। उन्होंने नगर निगम से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लोगों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि दूषित पानी की समस्या से स्थायी निजात चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें