पंजाब डेस्क: बठिंडा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े नेता एवं चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि हमले में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन क्लिनिक परिसर में खड़ी एक एक्टिवा आग की चपेट में आ गई और उसे नुकसान पहुंचा।
एक हमलावर ने बनाया वीडियो, दूसरे ने फेंका पेट्रोल बम
जानकारी के अनुसार, दो नकाबपोश युवक क्लिनिक के बाहर पहुंचे। इनमें से एक युवक पेट्रोल बम तैयार कर रहा था, जबकि दूसरा पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। कुछ ही क्षणों बाद हमलावर ने जलती हुई बोतल क्लिनिक के गेट के अंदर फेंक दी, जिससे वहां खड़ी एक्टिवा में आग लग गई।
शोर मचते ही मौके से फरार हुए आरोपी
क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने जैसे ही धमाके और आग की आवाज सुनी, उसने तुरंत शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे, जिसके बाद दोनों हमलावर घबराकर वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें…
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।