Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पटियाला में विपक्ष पर बरसे पीएम, कहा-1971 में मोदी होता तो करतारपुर साहिब भारत में होता

May 24, 2024

पटियाला में विपक्ष पर बरसे पीएम, कहा-1971 में मोदी होता तो करतारपुर साहिब भारत में होता

पटियाला: पटियाला में मालवा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवारों के लिए आयोजित फतेह रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत् श्री अकाल बोलकर अपना संबोधन शुरू किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें पंजाब में चुनाव प्रचार का अवसर पटियाला की उस धरती से शुरू करने का मौका मिला, जो गुरु तेग बहादुर की चरण छोह धरती है और इस धरती को श्री काली माता का आशीर्वाद प्राप्त है। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर प्रहार किए।

इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उस समय मोदी होता तो मैं इनसे करतारपुर साहिब लेकर रहता, उसके बाद ही जवानों को छोड़ता। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस है, जिसने सत्ता के लिए देश का बंटवारा किया और बंटवारा भी ऐसा किया कि हमें दूरबीन से करतारपुर साहिब के दर्शन करने पड़ते थे। हर कोई इसे अपना अपमान महसूस करता था। मैं कांग्रेस वालों को कहता हूं कि जब बंगलादेश की लड़ाई हुई तो पाकिस्तान के 90,000 से ज्यादा सैनिक सरैंडर कर चुके थे, 90,000 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक हमारे कब्जे में थे। हुकुम का पत्ता हमारे हाथ में था। अगर उस समय मोदी होता तो मैं इनसे करतारपुर साहिब लेकर रहता, उसके बाद ही जवानों को छोड़ता। वो तो नहीं कर पाए, लेकिन मुझसे जितनी सेवा हो सकी मैंने की। आज करतारपुर साहिब कॉरिडोर आपके सामने है।

पीएम मोदी ने कहा, एक तरफ भाजपा और एनडीए है और दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों का इंडी गठबंधन है, इंडी गठबंधन जिसके पास न नेता है, न नीयत है। एक तरफ मोदी है जो लड़ाकू विमान से लेकर एयरक्राफ्ट करियर तक भारत में बना रहा है, दूसरी तरफ इंडी गठबंधन है जो लिखित रूप में कहता है कि हमारे परमाणु हथियारों तक को समाप्त कर देना चाहिए। आज बुद्ध पूर्णिमा है, आज ही के दिन हमने परमाणु विस्फोट करके अपनी ताकत का परिचय करवाया था।

एक तरफ आतंकवादियों को घर में घुसकर मारने का साहस, दूसरी तरफ इंडी वाले हैं जो आतंकवादियों के एनकाऊंटर पर आंसू बहाते हैं। एक तरफ मोदी सरकार है, जिसने 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है, वहीं दूसरी तरफ इंडी गठबंधन है जो कहता है कि आपकी कमाई, आपके खेत-खलिहान का आधा हिस्सा छीन लेंगे। इंडी गठबंधन समाज और देश को बांटना चाहता है। लेकिन, मोदी भारत को विकसित भारत बनाना चाहता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘यहां पंजाब में दिखावे के लिए दिल्ली की कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी और सिख दंगे की दोषी पार्टी आमने-सामने लड़ने का नाटक कर रही है। लेकिन, सच्चाई यही है कि पंजा और झाड़ पार्टियां 2 हैं, लेकिन दुकान एक ही है। यहां के लोग कुछ भी बयान दें, लेकिन, दिल्ली में एक-दूसरे को कंधे पर उठाकर नाच रहे हैं। इसलिए मैं पंजाब के लोगों से प्रार्थना करता हूं कि इनसे सावधान रहना है। जिसे वो अपना गुरु मानते थे, उस अन्ना हजारे के साथ भी धोखा किया है। वो दिन में 10 बार झूठ बोल सकते हैं। ऐसे लोग न पंजाब का भला कर सकते हैं और न आपके बच्चों के भविष्य के लिए कुछ कर सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन को न विकास की परवाह है और न ही हमारी विरासत की चिंता है। आजादी के बाद दूसरे दिन ही अयोध्या में राम मंदिर बन जाना चाहिए था। लेकिन, कांग्रेस ने राम मंदिर का निर्माण रोका। अब जब मंदिर बन गया तो मंदिर को गालियां दे रहे हैं। इंडी गठबंधन वाले घोर सांप्रदायिक हैं। ये घोर जातिवादी हैं, ये घोर परिवारवादी हैं। ये सत्ता के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का नाम लिए बिना उन्हें कागजी मुख्यमंत्री करार दिया और कहा कि उन्हें दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने से फुरसत नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि ‘कट्टर भ्रष्टाचारियों’ ने पंजाब का बुरा हाल कर दिया है। उद्योग कारोबार पलायन कर रहा है और ड्रग का, नशे का कारोबार फलफूल रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत तभी विकसित होगा जब पटियाला जैसा शहर विकसित होगा। पंजाब को एजुकेशन सैंटर बनाकर विदेशी संस्थानों के लिए खोल दिया जाएगा। पटियाला देश का एजुकेशन हब होगा। भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए मोदी सरकार देश के कोने-कोने में काम कर रही है। मोदी ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक का आयोजन भारत की जमीन पर करवाएगा। इसीलिए खिलाड़ियों और मैदानों को अतिआधुनिक रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा की 1 जून को आपको विकसित पंजाब, विकसित भारत के लिए वोट करना है। पटियाला से परनीत कौर, फतेहगढ़ साहिब से गेजा राम बाल्मिक, संगरूर से अरविंद खन्ना, बठिंडा से परमपाल कौर सिद्धू, फरीदकोट से हंसराज हंस को अधिक से अधिक वोट देकर जीत दिलाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें