Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को PM मोदी की बड़ी सौगात, 1600 करोड़ की राहत राशि की जारी

September 10, 2025

पंजाब में बाढ़ पीड़ितों को PM मोदी की बड़ी सौगात, 1600 करोड़ की राहत राशि की जारी

चंडीगढ़: पंजाब में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1600 करोड़ रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया है।बता दें कि मंगलवार को पीएम मोदी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए गुरदासपुर में पीड़ितों, राहत कार्यों में जुटे जवानों और अधिकारियों से मुलाकात की।

पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह सहायता केवल शुरुआती राहत है। केंद्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद और मुआवजे की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में पंजाब के साथ है और आगे भी हरसंभव मदद करेगी।

हवाई सर्वे में उजड़े गांव और टूटी संरचनाएं देख पीएम हुए चिंतित

हवाई निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब और हिमाचल के प्रभावित इलाकों की स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया। उफनती नदियां, बहते गांव, नष्ट फसलें और कमजोर बांधों की हालत देख पीएम गहरे चिंतन में नजर आए। अधिकारियों ने नक्शों के माध्यम से उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी दी।

पंजाब को 13 हजार करोड़ के नुकसान की रिपोर्ट

पीएम मोदी को जानकारी दी गई कि बाढ़ से पंजाब को अब तक करीब 13,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही पंजाब दौरे पर आ चुके हैं और उन्होंने अपनी रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंप दी है। इसके आधार पर ही पीएम ने स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए राहत उपायों की घोषणा की।

केंद्रीय टीमों की रिपोर्ट के बाद मिल सकती है और सहायता

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में भेजी गई अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें राज्य में नुकसान का आकलन कर रही हैं। इन टीमों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की आर्थिक सहायता पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने इस बात का भरोसा भी दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए ज्ञापन और जमीनी रिपोर्ट को गंभीरता से लिया जाएगा।

पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर विशेष जोर

गुरदासपुर में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने पुनर्वास, स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों को राहत, बुनियादी ढांचे की बहाली और दीर्घकालिक समाधान की दिशा में तेज़ी से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह वक्त केवल राहत नहीं, बल्कि पुनर्निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने का है।

“पंजाब अकेला नहीं है”- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करते हुए कहा, “यह आपदा हम सभी के लिए चुनौती है, लेकिन पंजाब अकेला नहीं है। केंद्र सरकार हर कदम पर आपके साथ है और रहेगी।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों का सब कुछ इस बाढ़ में बह गया है, उन्हें फिर से खड़ा करने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

ये भी पढ़ें: ओडिशा में बड़ा धमाका: LPG सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें