
जालंधर : कपूरथला रोड पर नशे के हॉटस्पॉट के रूप में सामने आए इलाके में आज पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, एसीपी वेस्ट आशुतोष भाटिया समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यह इलाका थाना बस्ती बावा खेल के अंतर्गत आता है। अधिकारियों ने उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां कुछ दिन पहले पुलिस ने एक दुकान से 40 बोतल अवैध शराब बरामद की थीं। इसके अलावा मैडीकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलने के बाद उसे सील करने की कार्रवाई का भी जायजा लिया।
इलाके में कथित तौर पर अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों को सील किए जाने की कार्रवाई भी अधिकारियों के निरीक्षण में रही। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि यह इलाका मेडिसिन के नशे से जुड़े मामलों को लेकर हॉटस्पॉट के रूप में सामने आया है। नशे के खिलाफ चलाई जा रही ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम इसी तरह लगातार जारी रहेगी और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सीपी ने नशा बेचने और सप्लाई करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेगी।
नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को भी कानून के अनुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान केवल किसी एक इलाके तक सीमित नहीं रहेगा। वहीं, एसीपी वेस्ट आशुतोष भाटिया ने भी इलाके में नशे की बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने के लिए आने वाले दिनों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।