Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब के पूर्व DGP के बेटे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़े खुलासे, जांच में जुटी SIT

October 22, 2025

पंजाब के पूर्व DGP के बेटे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़े खुलासे, जांच में जुटी SIT

चंडीगढ़: हरियाणा के पंचकूला में पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। बता दें कि अकील की दाहिनी कोहनी के ऊपर इंजेक्शन का एक निशान मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत सामान्य नहीं, बल्कि एक योजना हो सकती है।

इंजेक्शन का एक ही निशान

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से इंजेक्शन के माध्यम से नशा करता है, तो शरीर पर ऐसे कई निशान स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। लेकिन अकील के शरीर पर केवल एक ही निशान पाया गया है। इससे यह संभावना कम हो जाती है कि वे इंजेक्शन से नशा करते थे। मेडिकल रिपोर्ट यह भी इशारा करती है कि यह इंजेक्शन हाल ही में लगाया गया हो सकता है संभवतः मौत से ठीक पहले।

अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया अकील

परिवार ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर को अकील अख्तर को घर पर बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद उन्हें पंचकूला के सेक्टर-6 अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, रात करीब 9 बजे उन्हें वहाँ मृत घोषित किया गया। इससे यह स्पष्ट है कि अकील की मौत अस्पताल पहुँचने से पहले ही हो चुकी थी।

एसआईटी कर रही गहराई से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व एसीपी विक्रम नेहरा कर रहे हैं। उनके साथ एक अनुभवी टीम को शामिल किया गया है जिसमें साइबर एक्सपर्ट से लेकर फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में चूक, हेलीकॉप्टर के उतरते ही हेलीपैड धंसा (Video)

शिकायतकर्ता से घंटों चली पूछताछ

इस मामले में अहम मोड़ तब आया जब मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन ने पंचकूला पुलिस को शिकायत दी। 21 अक्टूबर को एसआईटी ने शमशुद्दीन से लगभग 6 घंटे तक पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अकील अख्तर के परिवार के पड़ोसी रहे हैं और अकील की सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखते थे।

शमशुद्दीन के अनुसार, 27 अगस्त को अकील ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। यही वीडियो उन्होंने अब पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपा है।

पूर्व डीजीपी और परिवार पर दर्ज हुआ हत्या का केस

शिकायत और सबूतों के आधार पर पंचकूला पुलिस ने 20 अक्टूबर की रात को पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी और पंजाब की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, अकील की बहन और पत्नी के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है।

जिसके बाद पुलिस और एसआईटी की जांच इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि क्या अकील की मौत वाकई ओवरडोज़ से हुई, या फिर किसी ने जानबूझकर उसे इंजेक्शन देकर मारा? अकील का वह वीडियो भी जांच का अहम हिस्सा बन गया है, जिसमें उसने परिवार के खिलाफ बयान दिए थे।

ये भी पढ़ें: Earthquake: तुर्की में फिर महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग           

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें