Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को सम्मान : तरुण चुग

March 30, 2025

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को सम्मान : तरुण चुग

खटकड़कलां। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने खटकड़कलां पहुंचकर शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गाँव की पंचायत ने दोनों नेताओं को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शहीद भगत सिंह के पैतृक गाँव को हेरिटेज स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 53 करोड़ 45 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इस ऐतिहासिक पहल के लिए गाँववासियों ने दोनों नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह प्रोजेक्ट मंजूर कर शहीद ए आज़म भगत सिंह का सम्मान किया है । उन्होंने सुभाष शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि पिछले छह महीनों से वे इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनके नेतृत्व में यह ऐतिहासिक पहल संभव हो पाई। इस दौरान तरुण चुघ ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भगत सिंह का नाम लेने वाली सरकार में पिछले तीन वर्षों में हर प्रकार का माफिया पनपा है। उन्होंने संकल्प लिया कि इस पवित्र भूमि पर शपथ लेते हैं कि पंजाब को ड्रग्स और माफिया राज से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने पंजाब के विकास के लिए मोदी सरकार द्वारा किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब को समृद्ध और खुशहाल करना ही मोदी जी का लक्ष्य है।

डॉ. सुभाष शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और तरुण चुघ का इस महत्वपूर्ण परियोजना में योगदान के लिए हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट शहीद भगत सिंह के सपनों का सम्मान है और इससे आने वाली पीढ़ियां प्रेरित होंगी। इस श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सैंकड़ों पंजाबियों ने शहीद भगत सिंह के आदर्शों को पुनर्जीवित करने का संकल्प दोहराया। इस समारोह में वरिंदर कौर थादी, सुखमिंदर गोल्डी, संजीव भारद्वाज, पूनम माणिक, अशोक बाथ, प्रीतपाल बजाज, नरिंदर राणा, सुरिंदर बब्बल, जगदीप औझला, हरमनजीत प्रिंस, पवन मनोचा, शाम सुंदर रंगा, जगदीश काझला, मुकेश नड्डा, अमन राणा, नंदकिशोर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें