Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पंजाब राज्य खाद्य आयोग की प्राथमिकता: विजय दत्त

October 7, 2026

बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पंजाब राज्य खाद्य आयोग की प्राथमिकता: विजय दत्त

अमृतसर: पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य एवं अतिरिक्त चेयरमैन विजय दत्त ने अमृतसर जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों और एक आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा कर बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही पौष्टिक खुराक और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के), राजासांसी; सरकारी एलीमेंट्री स्मार्ट स्कूल (लड़कियां), राजासांसी तथा एयरपोर्ट रोड स्थित सरकारी एलीमेंट्री स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पी.एम. पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न की उपलब्धता, साफ-सफाई, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर सुविधाओं संबंधी फीडबैक भी लिया और उनके साथ बैठकर भोजन किया।

विजय दत्त ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना आयोग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र नंबर 120 का भी दौरा किया तथा बच्चों के लिए उपलब्ध पौष्टिक आहार और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूत करना बेहद महत्वपूर्ण है।  विजय दत्त ने स्कूलों में पंजाब राज्य खाद्य आयोग की हेल्पलाइन 9876764545 को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोग अपने सुझाव और फीडबैक सीधे आयोग तक पहुंचा सकें। आयोग संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को और प्रभावी बनाने तथा बच्चों तक उनका लाभ बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें