Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab News: स्कूली छात्रों के लिए खास खबर, PSEB ने जन्म प्रमाण-पत्र को लेकर जारी किए नए नियम

November 23, 2026

Punjab News: स्कूली छात्रों के लिए खास खबर, PSEB ने जन्म प्रमाण-पत्र को लेकर जारी किए नए नियम

चंडीगढ़: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के नए आदेश से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। बोर्ड ने सत्र 2026-27 के तहत 8वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल जन्म प्रमाण-पत्र अनिवार्य कर दिया है। स्कूलों को 30 नवंबर तक ये प्रमाण-पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे।

पंजाब बोर्ड के अनुसार, निर्धारित समय तक डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट जमा नहीं होने पर 10वीं की फाइनल मार्कशीट और सर्टिफिकेट में विद्यार्थी की जन्मतिथि प्रिंट नहीं की जाएगी। इस फैसले का निजी स्कूल संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है।

केवल पंजाब में जन्मे बच्चों पर लागू होगा नियम

बोर्ड का यह आदेश पंजाब में जन्मे विद्यार्थियों पर लागू होगा, जबकि दूसरे राज्यों से आकर पंजाब में पढ़ाई करने वाले बच्चों को इससे छूट दी गई है। स्कूल संचालकों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे भेदभावपूर्ण बताया है।

पहले की मार्कशीट में दर्ज है जन्मतिथि

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि PSEB पहले ही पांचवीं और आठवीं कक्षा की मार्कशीट में विद्यार्थियों की जन्मतिथि दर्ज कर चुका है। ऐसे में दसवीं कक्षा में दोबारा डिजिटल प्रमाण-पत्र मांगने का औचित्य समझ नहीं आता। स्कूलों के अनुसार, परीक्षा फॉर्म के साथ भी जन्म प्रमाण-पत्र जमा करवाए जा चुके हैं।

RTE एक्ट का दिया हवाला

स्कूल संगठनों ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का हवाला देते हुए कहा कि धारा 14(1) के तहत माता-पिता का स्व-घोषणा पत्र भी उम्र के प्रमाण के रूप में मान्य है। वहीं, धारा 14(2) के अनुसार जन्म प्रमाण-पत्र नहीं होने पर बच्चे को दाखिले से वंचित नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें…

आदेश वापस लेने की मांग

स्कूल संगठनों के मुताबिक, शिक्षा विभाग की गाइडलाइंस में जन्म प्रमाण-पत्र, अस्पताल रिकॉर्ड, आंगनवाड़ी रिकॉर्ड और माता-पिता के हलफनामे को भी उम्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया गया है।

RASA, स्कूल संघ पंजाब, ECS और JAF पंजाब से जुड़े संचालकों ने PSEB से नया आदेश वापस लेने की मांग की है। अब देखना होगा कि बोर्ड इस विरोध के बाद अपने फैसले में कोई बदलाव करता है या नहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें