Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला गुरु से 63वीं तीर्थ यात्रा बस को दिखाई हरी झंडी

October 5, 2026

लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला गुरु से 63वीं तीर्थ यात्रा बस को दिखाई हरी झंडी

अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव बंडाला की पंचायत पत्ती गोपी की से 63वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांव बंडाला से यह चौथी तीर्थ यात्रा बस है। बस में सवार श्रद्धालुओं को श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और श्री नैना देवी धाम के दर्शन करवाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत नि:शुल्क धार्मिक यात्रा

श्रद्धालुओं को रवाना करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेशवासियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की नि:शुल्क यात्रा करवाने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने और वापस लाने के साथ-साथ रहने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सरकार की ओर से की जाती हैं। इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करवाना है।

पांच लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं यात्रा

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक प्रदेशभर से पांच लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से लगातार तीर्थ यात्रा की बसें रवाना की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र से आज 63वीं तीर्थ यात्रा बस रवाना हुई है, जबकि गांव बंडाला से यह चौथी बस है।

बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने की सरकार की पहल की सराहना

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेशवासी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से काफी संतुष्ट हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग श्रद्धालुओं की ओर से इस पहल की सराहना की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कई बुजुर्गों का मानना है कि पंजाब सरकार ने उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाकर ‘श्रवण पुत्र’ की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक तरीके से धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें