Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब भाजपा की घोषणापत्र समिति ने अमृतसर में व्यापारियों के साथ की अहम बैठक, घोषणापत्र के लिए मांगे सुझाव: अविनाश राय खन्ना

November 25, 2026

पंजाब भाजपा की घोषणापत्र समिति ने अमृतसर में व्यापारियों के साथ की अहम बैठक, घोषणापत्र के लिए मांगे सुझाव: अविनाश राय खन्ना

अमृतसर: पंजाब भाजपा घोषणापत्र समिति के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने आज गुरुनगरी अमृतसर में व्यापारियों और कारोबारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा तैयार किए जा रहे चुनावी घोषणापत्र के संबंध में व्यापारी वर्ग के सुझाव और विचार प्राप्त करना था।

इस अवसर पर पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, पूर्व मंत्री व कमेटी के सदस्य अश्वनी सेखड़ी, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक राजिंदर मरवाहा, जिला अध्यक्ष सलिल कपूर और पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश हनी, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद शर्मा, बख्शी राम अरोड़ा, हरविंदर सिंह संधू, डॉ. राम चावला, सुखमिंदर सिंह पिंटू, गुरप्रताप सिंह टिक्का, जिला महासचिव मोहित महाजन, गौतम अरोड़ा व सरबजीत सिंह शंटी आदि सहित कई अन्य नेता एवं व्यापारी उपस्थित थे। कमेटी के सदस्यों का बैठक स्थल पर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष सलिल कपूर व व्यापारी वर्ग ने पुष्पगुच्छ व दोशाला देकर स्वागत किया।

बैठक के दौरान व्यापारियों, दुकानदारों और विभिन्न कारोबारी एसोसिएशनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर व्यापारियों ने अपने कारोबार से संबंधित समस्याएं, अपनी मांगें और सुझाव समिति के समक्ष रखे। विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने अपनी अपनी मांगों से संबंधित एवं विभिन्न मुद्दों को लेकर अपने मांग पत्र भी कमेटी के सदस्यों को सौंपे।

अविनाश राय खन्ना ने इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा तैयार किया जा रहा घोषणापत्र राज्य के लोगों की अपेक्षाओं, जरूरतों और सुझावों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से घोषणापत्र समिति द्वारा पंजाब के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि किसानों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, कर्मचारियों और अन्य वर्गों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को घोषणापत्र में स्थान दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग राज्य की अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए व्यापारियों की समस्याओं को समझना और उनके सुझावों को चुनावी घोषणापत्र में शामिल करना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों और मांगों पर विचार करके उन्हें घोषणापत्र तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। कमेटी की ओर से लोगों की राय और सुझाव प्राप्त करने के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर 9913002027, 07971943333 और 7508560065 भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से लोग अपने सुझाव भेज सकते हैं। घोषणापत्र समिति द्वारा की जा रही बैठकों और लोगों से प्राप्त सुझावों के आधार पर पंजाब भाजपा का चुनावी घोषणापत्र दिसंबर के मध्य तक जारी कर दिया जाएगा।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें