Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

लंबे समय से फरार ड्रग तस्कर ‘भुवनेश चोपड़ा’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी

March 12, 2026

लंबे समय से फरार ड्रग तस्कर ‘भुवनेश चोपड़ा’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी

Punjab drug smugglers: पंजाब पुलिस ने सीमा पार संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी फिरोजपुर में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस और कई नारकोटिक्स तस्करी मामलों में वांछित था। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी।

एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखने और उसकी आवाजाही पर रोक लगाने के लिए उसके खिलाफ रेड नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। पुलिस के मुताबिक, लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय के बाद उसकी लोकेशन मध्य एशिया के एक देश में ट्रेस की गई। इसके बाद उसे वहां से डिपोर्ट कराया गया। जैसे ही वह भारत पहुंचा, उसे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव का स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने के बाद आया बयान, कहा- नकली संतों का अंत होगा

 

कई मामलों में नामजद
जांच एजेंसियों के अनुसार, भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पाकिस्तान से पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी कराने वाले नेटवर्क का एक अहम कड़ी था। वह लंबे समय से पाकिस्तान से ड्रग्स की खेप पंजाब में पहुंचाने में मदद कर रहा था और कानून से बचने के लिए पहले विदेश भाग गया था। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स तस्करी के अलावा चोपड़ा अगस्त 2024 में फिरोजपुर में हुए ट्रिपल मर्डर का भी मुख्य साजिशकर्ता है। इस घटना में एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया कि यह वारदात आरोपी चोपड़ा और पीड़ितों में से एक दिलदीप सिंह के बीच चल रही पुरानी रंजिश के चलते हुई थी।

गिरफ्तारी से नेटवर्क को लगेगा बड़ा झटका
पुलिस का कहना है कि चोपड़ा की गिरफ्तारी विदेश में बैठे उन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जो बाहर रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलवाते हैं। इस ऑपरेशन में हाल ही में गठित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों के अनुसार, चोपड़ा की गिरफ्तारी से फिरोजपुर और आसपास के सीमावर्ती जिलों में ड्रग्स की तस्करी के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा। इससे सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर भी असर पड़ने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- आलू, लहसुन और अरहर के दाम घटे, भारत में खुदरा महंगाई दर फरवरी में 3.21 प्रतिशत रही

 

आगे भी जारी रहेगा अभियान
पंजाब पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि कानून से भागने वाले अपराधियों को, चाहे वे भारत में हों या विदेश में छिपे हों, न्याय के कटघरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध और ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें