तरनतारन: पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्नी लाल चंद कटारूचक ने आज तरनतारन की अनाज मंडी में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों व मजदूरों से बातचीत कर मंडी में चल रही गेहूं खरीद के बारे में जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर एस.डी.एम. तरनतारन अरविंदरपाल सिंह, जिला खाद्य एवं आपूर्ति कंट्रोलर जसजीत कौर और जिला मंडी अधिकारी श्री हरजोत सिंह, मार्कीट कमेटी तरनतारन चेयरमैन कुलदीप सिंह रंधावा के अलावा सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्नी लाल चंद कटारूचक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना पूरी कीमत पर खरीदने के लिए वचनबद्ध है और किसानों को मंडियों में किसी भी तरह की मुश्किल नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस बार गेहूं की बंपर फसल हुई है और इस सीजन के दौरान मंडियों में लगभग 125 लाख मीट्रिक टन गेहूं आने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्नी कटारूचक ने बताया कि अब तक राज्य की मंडियों में 89 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से लगभग 83 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि खरीदी गई फसलों के लिए किसानों के खातों में 15,000 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों और आढ़तियों को मंडियों में लाए जाने वाले अनाज को मौसम के प्रभाव से बचाने के लिए तिरपाल और टोकरियों का पूरा प्रबंध करने को कहा गया है।
कैबिनेट मंत्नी कटारूचक ने खरीद कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मंडियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए तथा किसी भी किसान या आढ़ती को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीदी गई फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जा रहा है। इस अवसर पर दिलबाग सिंह भारत अध्यक्ष मंडी आढती यूनियन, करनैल सिंह अध्यक्ष मंडी आढती एसोसिएशन, अनिल कुमार शंभू, अश्विनी मदान, हंसराज चौधरी, जगदीश कुमार मुरादपुर, दलजीत सिंह शीटा, बहाल सिंह गिल, आदि आढती मंडी तथा भारी संख्या में किसान और मजदूर भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें: अकाली दल के इस वरिष्ठ नेता ने दिया इस्तीफ़ा, पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप

