Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने जत्थेदार गड़गज से की मुलाकात; कई मुद्दों पर की खुलकर चर्चा

July 11, 2025

पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने जत्थेदार गड़गज से की मुलाकात; कई मुद्दों पर की खुलकर चर्चा

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया आज श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले तख़्त श्री केसगढ़ साहिब और गुरुद्वारा श्री सीसगंज साहिब में मत्था टेका। इसके बाद वे तख़्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से उनके निवास कार्यालय में मिलने पहुंचे। इस दौरान जत्थेदार गड़गजऔर शिरोमणि कमेटी के सदस्य भाई अमरजीत सिंह चावला ने राज्यपाल को सिरोपा, लोई और तख़्त श्री केसगढ़ साहिब की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।

गुरु तेग बहादुर की शहादत शताब्दी राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की मांग

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में जत्थेदार गड़गज ने बताया कि राज्यपाल के साथ बहुत ही सकारात्मक माहौल में बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी को देश और विदेशों में मानवाधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए। इस आयोजन में केंद्र और राज्य सरकार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से आगे आना चाहिए क्योंकि यही संस्था सिख मर्यादा और परंपराओं की सबसे सशक्त प्रतिनिधि है।

चमकौर साहिब के पास लग रही पेपर फैक्ट्री का जत्थेदार ने किया विरोध

जत्थेदार गड़गज ने राज्यपाल के सामने श्री चमकौर साहिब के पास लगाई जा रही पेपर फैक्ट्री का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री साहिबज़ादों के शहीदी स्थल के पास है और इससे क्षेत्र में प्रदूषण फैलेगा। यह न सिर्फ लोगों की सेहत, बल्कि पंजाब की पवित्र मिट्टी, हवा और पानी के लिए भी खतरनाक साबित होगा। इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।

मत्तेवाड़ा जंगल में गरीबों को उजाड़ने पर जत्थेदार ने जताई चिंता

जत्थेदार ने मत्तेवाड़ा जंगल के पास लंबे समय से रह रहे गरीब परिवारों को उजाड़ने के मामले पर भी राज्यपाल का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि यह मानवाधिकारों का सीधा उल्लंघन है और पंजाब की करुणामयी परंपरा के खिलाफ है। सरकार को इन्हें हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।

गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी पर सख्त कानून की मांग

जत्थेदार ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी को लेकर सख्त कानून बनाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा इनकी बेअदबी पर सख्त सजा का प्रावधान जरूरी है। साथ ही, सिखों को अपने गुरुद्वारों की सुरक्षा खुद सुनिश्चित करने की भी अपील की गई।

सात महीने में पंजाब पुलिस की मुठभेड़ों पर जत्थेदार ने उठाए सवाल

जत्थेदार ने बीते सात महीनों में पंजाब पुलिस द्वारा की गई मुठभेड़ों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हर केस में एक ही कहानी बताई जाती है — पुलिस हथियार बरामद करने गई, आरोपियों ने फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में मारे गए। उन्होंने पूछा कि जब देश में अदालतें हैं तो सजा देने का अधिकार भी सिर्फ अदालतों को है। फर्ज़ी मुठभेड़ों की जांच होनी चाहिए।

धार्मिक परिवर्तन को लेकर जत्थेदार की दो टूक

जत्थेदार ने राज्यपाल के सामने पंजाब में हो रहे धर्म परिवर्तन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लालच, डर और झूठी करामातों के जरिए धर्म बदलवाना पूरी तरह गलत है। साथ ही जत्थेदार ने प्रेम से धर्म बदल चुके परिवारों को वापस लाने के प्रयासों पर भी जोर दिया।

इस मौके पर तख़्त श्री केसगढ़ साहिब के मैनेजर सरदार गुरदीप सिंह कंग, वर्धमान मैनेजर सरदार हरदेव सिंह और सूचना अधिकारी सरदार हरप्रीत सिंह भी मौजूद थे।

ये भी देखें :- इस क्रिकेटर ने छोड़ी कप्तानी, T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद फैसला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें