Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

अवैध दवा बिक्री पर बढ़ेगी निगरानी, 12 नवंबर से नियम सख्त करने की तैयारी

October 18, 2026

अवैध दवा बिक्री पर बढ़ेगी निगरानी, 12 नवंबर से नियम सख्त करने की तैयारी

Punjab Intensifies Crackdown on Drug Trafficking : मोगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने नशे के मुद्दे पर कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा को घेरते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार नशा तस्करों और अवैध दवा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही, नशे की लत से प्रभावित युवाओं के उपचार, पुनर्वास और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने नशे के मुद्दे पर कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या पिछली सरकारों के समय बढ़ी और अब यही राजनीतिक दल पंजाब को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और इस अभियान को आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की ओर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

नशे के कारोबार में शामिल मेडिकल स्टोरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 33 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर हैं, लेकिन कुछ लोगों की गलत गतिविधियों के कारण पूरे मेडिकल कारोबार को बदनाम करना उचित नहीं है। सरकार दवाओं की बिक्री पर निगरानी बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर से कुछ और दवाओं को शेड्यूल एच के दायरे में लाने की योजना है, ताकि उनकी बिक्री और इस्तेमाल पर अधिक नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए दवाओं की अवैध बिक्री रोकना और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है। दूसरे राज्यों से भी होती है नशे की सप्लाई डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब में नशीले पदार्थों की सप्लाई दूसरे राज्यों से भी होती है।

कई दवाओं का निर्माण भी पंजाब के बाहर किया जाता है। ऐसे में नशे की समस्या पर काबू पाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल नशे के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और पंजाब सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों को नजरअंदाज कर रहे हैं। नशा मुक्ति के साथ युवाओं के इलाज पर भी ध्यान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की लत से प्रभावित युवाओं को उपचार उपलब्ध करवाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों और खेल मैदानों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इसके साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मोहल्ला क्लीनिक भी खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार पंजाब को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें