Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में कल होगी 8 नगर निगम और 104 निकायों की काउंटिंग, चुनाव आयोग ने शुरू की ये नई सुविधा

May 28, 2026

पंजाब में कल होगी 8 नगर निगम और 104 निकायों की काउंटिंग, चुनाव आयोग ने शुरू की ये नई सुविधा

Punjab Local Body Elections 2026: पंजाब में निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर इस बार चुनाव आयोग ने खास व्यवस्था की है। पहली बार पंजाब के लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से नगर निगम, नगर काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों के परिणाम देख सकेंगे। पंजाब चुनाव आयोग ने इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव रिजल्ट लिंक उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।

सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने जानकारी दी कि 29 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जैसे-जैसे वार्डों की गिनती पूरी होती जाएगी, वैसे-वैसे वेबसाइट पर परिणाम अपडेट किए जाएंगे। मतदाता अपने जिले और वार्ड की जानकारी भरकर आसानी से नतीजे देख सकेंगे।

इससे पहले केवल विधानसभा और लोकसभा चुनावों के परिणाम ऑनलाइन उपलब्ध होते थे, लेकिन अब पहली बार स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भी यह सुविधा शुरू की गई है।

104 निकायों के लिए हुई थी वोटिंग

26 मई को पंजाब में 8 नगर निगम, 75 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायतों समेत कुल 104 स्थानीय निकायों के लिए मतदान हुआ था। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए राज्यभर में 115 काउंटिंग सेंटर बनाए हैं।

कड़ी सुरक्षा के बीच होगी काउंटिंग

चुनाव आयोग के अनुसार सभी स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सीसीटीवी कैमरों के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित रहे।

इसके अलावा, अनाधिकृत लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रत्येक काउंटिंग सेंटर के 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा घेरा बनाया गया है। केवल अधिकृत उम्मीदवारों और उनके काउंटिंग एजेंटों को ही प्रवेश मिलेगा।

ये भी पढ़ें…

12 बजे तक साफ हो सकती है तस्वीर

राज्य चुनाव आयोग का अनुमान है कि अधिकांश नगर निगमों और स्थानीय निकायों के परिणाम दोपहर 12 बजे तक सामने आ जाएंगे। प्रत्येक काउंटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां काउंटिंग सुपरवाइजर और असिस्टेंट मतगणना प्रक्रिया संभालेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें