Site icon Dainik Savera Times

पूर्व मेयर के पलटी मारने से कांग्रेस की लिस्ट लटकी, AAP में जाने को कई नेता तैयार

Punjab News :  पूर्व मेयर जगदीश राजा ने कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से दिया। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की सारी रणनीति व योजनाओं की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। अपने और अपनी पत्नी अनीता राज के वार्ड में जनता के बीच अच्छी पकड़ रखने वाले जगदीश राजा ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया और आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। अंदर की बात यह थी कि 2022 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार से पार्टी अंदरखाते राजा से बेहद खफा थी।

जिला प्रधान राजिंदर बेरी ने तो साफ तौर पर कहा था कि राजा के भीतरघात के कारण ही वह सैंट्रल हलके की सीट हारे थे। कांग्रेस हाईकमान ने भी घोषणा कर दी थी कि जिन-जिन नेताओं ने भीतरघात किया था, उन्हें टिकट नहीं दी जाएगी मगर जगदीश राजा और उनकी पत्नी अनीता राजा फिर भी बेहद आश्वस्त थे कि कांग्रेस उनकी टिकट नहीं काटेगी क्योंकि दोनों अपने-अपने वार्ड में जीतने का मादा रखते थे तो उनकी एक पकड़ और पहचान भी वार्ड में अच्छी थी मगर जिला प्रधान राजिंदर बेरी ने राजा व उनकी पत्नी की टिकट कटवाने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था और पार्टी हाईकमान ने भी लगभग इस पर मुहर लगा दी थी।

ऐसा लग रहा था कि दोनों पति-पत्नी की टिकट काटी जा सकती है। इस बात को पूर्व मेयर जगदीश राजा अच्छी तरह भांप गए थे। इससे पहले कि कांग्रेस हाईकमान उनकी टिकट काटने का कदम उठाती, उससे पहले राजा ने ही कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका दे दिया। अपनी पत्नी अनीता राजा के साथ राजा ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस ज्वाइनिंग से शहर की राजनीति में हलचल मच गई। अचानक से कांग्रेस के सारे समीकरण बिगड़ गए।

संभावना जताई जा रही है कि राजा के इस कदम के बाद अब कई और नेता भी कांग्रेस को अलविदा कहने को तैयार हैं। मंगलवार तक कई और पूर्व पार्षद कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह कांग्रेस के लिए चुनावों से पहले एक बड़ा झटका होगा और कांग्रेस को कई वार्ड में कैंडिडेट ढूंढना भी मुश्किल हो जाएगा। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने 80 से 90 प्रतिशत प्रत्याशियों के नाम सोमवार को फाइनल कर दिए थे। यहां तक कि मंगलवार को सभी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा का प्रोग्राम भी बना लिया गया था मगर जगदीश राजा व उनकी पत्नी अनीता राजा के पार्टी छोड़ने की बात जैसे ही सामने आई, सारी लिस्टें रोक ली गईं क्योंकि पार्टी को डर सताने लगा कि कई और नेता भी पार्टी छोड़ सकते हैं।

अब जालंधर नॉर्थ और जालंधर कैंट हलके के सभी उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल हो गए हैं, मगर जालंधर सैंट्रल और जालंधर वैस्ट हलके के उम्मीदवारों को रोक लिया गया है। इन दोनों हलकों के उम्मीदवारों की दोबारा स्क्रीनिंग होगी। नॉर्थ व कैंट हलके के वार्डो के उम्मीदवारों की लिस्ट मंगलवार को और सैंट्रल हलके व वैस्ट हलके के वार्डो के उम्मीदवारों की लिस्ट अब बुधवार को आने की संभावना है।

कांग्रेस भवन से उतार दी गई पूर्व मेयर जगदीश राजा की फोटो जालंधर

पार्टी के बतौर मेयर रहे जगदीश राजा की फोटो पिछले पांच सालों से कांग्रेस भवन की शोभा बढ़ा रही थी। जैसे ही सोमवार दोपहर को पूर्व मेयर व उनकी पूर्व पार्षद पत्नी अनीता राजा के पार्टी छोड़ने की खबर आई तो जगदीश राजा की तस्वीर को कांग्रेस भवन से हटा दिया गया।

Exit mobile version