Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में पंचायत उपचुनाव: टांडा के चार गांवों में मतदान शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे

July 27, 2025

पंजाब में पंचायत उपचुनाव: टांडा के चार गांवों में मतदान शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे

टांडा (होशियारपुर): पंजाब में सरपंचों और पंचों की रिक्त सीटों को भरने के लिए आज राज्यभर में पंचायत उपचुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। इस उपचुनाव के तहत 90 सरपंच और 1771 पंच पदों पर मतदान हो रहा है। इसी क्रम में टांडा उपमंडल के चार गांवों में भी पंचायत सदस्यों के चयन के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से आरंभ हो गई है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। नतीजों की घोषणा मतदान समाप्त होते ही की जाएगी।

मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी

उपमंडल टांडा के कार्यकारी एस.डी.एम. कवलजीत सिंह और तहसीलदार मनप्रीत सिंह ने जानकारी दी कि जिला चुनाव अधिकारी एवं उपायुक्त होशियारपुर आशिका जैन की देखरेख में पंचायत चुनाव संपन्न हो रहे हैं। ब्लॉक टांडा के अंतर्गत आने वाले गांव कल्याणपुर, रड़ा, पत्ती तलवंडी सल्लां और रानी गांव में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

एस.डी.एम. कवलजीत सिंह ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डी.एस.पी. दविंदर सिंह बाजवा की अगुवाई और थाना प्रमुख कंडा गुरिंदरजीत सिंह नागरा की निगरानी में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की जा सके।

विशेष उल्लेखनीय है कि टांडा के गांव झावां और मूनक खुर्द में पंचायत सदस्यों का चयन पहले ही सर्वसम्मति से कर लिया गया था, जिससे इन गांवों में मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।

उपचुनाव ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक अहम

पंजाब राज्य चुनाव आयोग की ओर से करवाए जा रहे इन उपचुनावों को ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब देखना यह है कि किस उम्मीदवार को ग्रामीणों का समर्थन मिलता है और कौन गांव की पंचायत में अपनी जगह बनाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें