Site icon Dainik Savera Times

पंजाब के युवाओं के लिए खुशखबरी, पंजाब पुलिस में निकली बंपर भर्ती

punjab police constable recruitment

punjab police constable recruitment

पंजाब डेस्क: पंजाब में पुलिस विभाग में नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब पुलिस ने वर्ष 2026 के लिए कॉन्स्टेबल पदों पर बड़े स्तर पर भर्ती करने की घोषणा की है। इस भर्ती के माध्यम से हजारों युवाओं को पुलिस विभाग में शामिल होने का मौका मिलेगा। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार 10 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को पंजाब पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा। लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है, जो उम्मीदवार सरकारी नौकरी के साथ देश सेवा करना चाहते हैं। उन्हें तय समय के भीतर आवेदन करना जरूरी होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 रखी गई है। इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 3297 कॉन्स्टेबल पदों को भरा जाएगा। इन पदों को दो अलग-अलग कैडर में बांटा गया है, जिला पुलिस कैडर के लिए 2522 पद निर्धारित किए गए हैं और सशस्त्र पुलिस कैडर के लिए 775 पद रखे गए हैं। इन पदों पर चयन के लिए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा। इन दोनों चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए चुना जाएगा।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए कुछ जरूरी शैक्षणिक और आयु संबंधी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। सामान्य उम्मीदवारों के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। वहीं पूर्व सैनिक यानी एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इसके अलावा उम्मीदवार को पंजाबी भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी है, जिसके लिए 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय पढ़ा होना चाहिए।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार, आयु सीमा में छूट दी जाएगी। भर्ती से जुड़ी अन्य जानकारी और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version