अमृतसर: पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘पंजाब सखी शक्ति मेला’ 26 से 28 सितंबर तक रणजीत एवेन्यू के दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। यह मेला प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
‘पंजाब सखी शक्ति मेले’ के संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि मेले में महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद, हस्तशिल्प, कपड़े, सजावटी सामान, खाद्य पदार्थ तथा अन्य घरेलू उत्पाद प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और नए ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, सरकार की स्वरोजगार, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत 26 सितंबर को शाम 5 बजे प्रसिद्ध लोक गायक कंवर ग्रेवाल तथा 28 सितंबर को शाम 5 बजे मंढेर ब्रदर्स अपनी सुरीली गायकी से समां बांधेंगे।
इसके अतिरिक्त, ‘पंजाब सखी शक्ति मेले’ में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भी अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा। परिवारों और बच्चों के लिए झूले एवं मनोरंजन गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल भी मेले के विशेष आकर्षण होंगे। पल्लवी मिश्रा ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवारों सहित ‘पंजाब सखी शक्ति मेले’ में पहुंचकर महिलाओं के हुनर और उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों का आनंद लें।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

