मोगा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को 10 लाख नए लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ देने के लिए स्मार्ट राशन कार्ड योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘न कैश, न सिफारिश’ के सिद्धांत पर डिजिटल, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का चयन किया है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हकदारों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने मंच से नए लाभार्थियों को ‘मेरी रसोई’ राशन किट वितरित की। इस किट में दालें, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों का तेल शामिल है। इसके साथ ही नए राशन कार्ड धारकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य को हर महीने पांच किलो मुफ्त गेहूं भी दिया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों को ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई में शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान 19.25 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। लोगों ने सेवा केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों और ऑनलाइन माध्यमों से आवेदन किए। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से घर-घर जाकर आवेदकों का सत्यापन किया गया, ताकि पात्र परिवारों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में डिजिटल आंकड़ों और निष्पक्ष मूल्यांकन मानदंडों का इस्तेमाल किया गया। सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार के भेदभाव या राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना केवल जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह है कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।

भगवंत मान ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत पंजाब में वर्तमान समय में 39.73 लाख परिवारों के 1.36 करोड़ लाभार्थियों को राशन सुविधा दी जा रही है। अब 10 लाख नए लाभार्थियों को शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है

नई राशन किट में मिलेंगी पांच जरूरी वस्तुएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए राशन कार्ड धारकों को दी जाने वाली ‘मेरी रसोई’ किट में दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। इसके अलावा पात्र परिवारों को हर महीने मुफ्त गेहूं भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त सुविधाओं से आम परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और गरीब वर्ग की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी।

एसएमएस से मिलेगी चयन की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतिम लाभार्थी सूची में शामिल परिवारों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर सूचना दी जा रही है। इसके अतिरिक्त आईवीआरएस संदेशों और पत्रों के माध्यम से भी चयनित परिवारों को जानकारी दी जा रही है। आवेदक अपने आवेदन नंबर के माध्यम से उस पोर्टल पर जाकर भी आवेदन की स्थिति जांच सकते हैं, जहां से उन्होंने आवेदन किया था।उन्होंने बताया कि सफल आवेदकों के राशन कार्ड को ऑनलाइन राशन वितरण प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। योजना का पूरा लाभ लेने के लिए परिवार के प्रत्येक सदस्य को अपने नजदीकी राशन डिपो पर जाकर ई-केवाईसी करवानी होगी।

मुख्यमंत्री ने सभी नए लाभार्थियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी राशन डिपो या अधिकृत डीलर के माध्यम से ई-केवाईसी पूरी करवाएं, ताकि उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले मुफ्त गेहूं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के सबसे गरीब और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार आगे भी ऐसे ठोस कदम उठाती रहेगी, जिससे खाद्य सुरक्षा मजबूत हो और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंच सके।
📍 Location: मोगा