Punjab Weather Aaj ka Mausam : पंजाब में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है। बता दें कि बुधवार की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से लगभग 2.5 डिग्री नीचे पहुंच गया है। गर्मी में थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।
तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसको देखते हुए चार जिलों पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी है।
ये भी पढ़ें:
5 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी
इसके अलावा, कुल 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इनमें गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जैसे जिले शामिल हैं। हालांकि 1 मई के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन 5 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। वहीं कई जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहा, जबकि कुछ स्थानों पर यह 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। अमृतसर, फरीदकोट, फाजिल्का और फिरोजपुर में तापमान में गिरावट देखने को मिली। खासतौर पर पठानकोट में तापमान में कमी दर्ज की गई।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक वर्षा पठानकोट में दर्ज हुई, जबकि पटियाला में हल्की बारिश देखने को मिली। अन्य जिलों में बारिश नहीं के बराबर रही। इसके साथ ही उत्तरी पंजाब से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक एक ट्रफ रेखा भी सक्रिय है, जो मौसम गतिविधियों को और बढ़ा रही है। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में असर दिखा सकता है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का दौर फिर तेज हो सकता है।
ये भी देखें :
मेष: दिन शुभ रहेगा...