Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: घने कोहरे की चादर मे लिपटा पंजाब, विजिबिलिटी हुई जीरो, IMD ने जारी किया अलर्ट

December 19, 2025

Punjab Weather: घने कोहरे की चादर मे लिपटा पंजाब, विजिबिलिटी हुई जीरो, IMD ने जारी किया अलर्ट

Punjab Weather Update : उत्तर भारत में मौसम का मिज़ाज लगातार बदल रहा है और इसका असर पंजाब में साफ दिखाई दे रहा है। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने पूरे पंजाब को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। कई इलाकों में विज़िबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ा है। शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी वाहन रेंगते नज़र आ रहे हैं और आम लोगों को रोज़मर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने किया घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के लिए आज और कल घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार में हल्की बढ़ोतरी हुई है, जिससे प्रदूषण और कोहरे में कुछ हद तक कमी देखी गई है। इसी बीच एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो गया है, जिसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।

इस दिन हो सकती हैं बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में रेड अलर्ट जैसी परिस्थितियां भी बन रही हैं, ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि 20 से 22 दिसंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार है।

पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है। नवांशहर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला, लुधियाना और अमृतसर में कोहरे की तीव्रता सबसे अधिक रही।

मौसम विभाग के मुताबिक, 18-19 दिसंबर और 23-24 दिसंबर के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में यात्रा करते समय सावधानी बरतें और मौसम सलाह का पालन करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें