Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Today: पंजाब के 11 जिलों में आज बारिश और कोहरे का अलर्ट, रात का गिरेगा तापमान

Punjab Weather Today

Punjab Weather Today

Punjab Weather Today: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 11 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और शाम के समय विज़िबिलिटी बेहद कम रहने की चेतावनी दी गई है। इसी बीच 9 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

बठिंडा में हालात सबसे गंभीर

रविवार सुबह बठिंडा में विज़िबिलिटी पूरी तरह शून्य रिकॉर्ड की गई। अमृतसर और पटियाला में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे, जहां दृश्यता 0 से 50 मीटर तक सिमट गई। कोहरे के चलते सड़कों पर चलना जोखिम भरा बना हुआ है।

इन जिलों में छा सकता है घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मलेरकोटला के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका है। प्रशासन ने वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

9 जिलों में बारिश की संभावना

पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और SAS नगर (मोहाली) में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में मानसा में सबसे ज्यादा 4.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान में हलचल

राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। अमृतसर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

फिलहाल अधिकतम तापमान 19.2 से 22.8 डिग्री और न्यूनतम 5.9 से 11.9 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

मौसम विभाग के अनुसार नॉर्थ पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर पंजाब में देखने को मिल रहा है। यह सिस्टम 3 से 6 किलोमीटर की ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में मौजूद है। वहीं, 5 फरवरी की रात से एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस नॉर्थवेस्ट इंडिया को प्रभावित कर सकता है।

ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से हिला देश का यह राज्य, जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे लोग!

आगे कैसा रहेगा मौसम?

3 फरवरी: अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घना कोहरा, मौसम शुष्क

4 फरवरी: इन्हीं जिलों में फिर कोहरे की संभावना, बारिश नहीं

5 फरवरी: न बारिश का अलर्ट, न कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल सिंह के मुताबिक, अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Exit mobile version