Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather: पंजाब में मौसम सामान्य, प्रदूषण ने बिगाड़ा हवा का AIQ

चंडीगढ़: पंजाब में मौसम अब बदलने लगा है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन के समय तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक तापमान में खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है और बारिश की भी उम्मीद नहीं है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।

पिछले 24 घंटों में अधिकतम औसत तापमान करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस घटा है, जिससे यह सामान्य स्तर के आसपास आ गया है। इस दौरान समराला में सबसे अधिक तापमान 35.9°C और चंडीगढ़ में 31.4°C दर्ज किया गया।

जालंधर में सबसे खराब हवा, AQI 200 पार

पराली जलाने और ठंडी हवाओं के कारण पंजाब के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता गिर गई है। बुधवार सुबह जालंधर का AQI 209 पहुंच गया, जो “खराब” श्रेणी में आता है। वहीं, अमृतसर में AQI 102, बठिंडा में 99, खन्ना में 190, लुधियाना में 125, मंडी गोबिंदगढ़ में 186, पटियाला में 142 और रूपनगर में 136 दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 6 नवंबर के बाद सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है।

पराली जलाने के मामले बढ़े, 300 से ज़्यादा FIR दर्ज

राज्य में पराली जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले 48 घंटों में ही 190 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे कुल मामलों की संख्या 933 तक पहुंच गई है। प्रशासन ने अब तक 302 FIR दर्ज की हैं और 337 किसानों की ज़मीनों के रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।

सबसे अधिक नोटिस तरनतारन (79) और फिरोजपुर (73) जिलों में जारी किए गए हैं। स्थिति पर नियंत्रण के लिए राज्य के 25 जिलों में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

ये भी पढ़ें: कनाडा में अब इस पंजाबी सिंगर के घर पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

आने वाले दिनों में क्या रहेगा हाल

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पंजाब में तापमान सामान्य रहेगा और दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, नवंबर के पहले सप्ताह के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। प्रदूषण से राहत के लिए हवा के रुख में बदलाव या हल्की बारिश की आवश्यकता है, जो अगले कुछ दिनों में संभव नहीं दिख रही।

Exit mobile version