
Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड ने दस्तक दे दी है और मौसम विभाग ने राज्य के छह ज़िलों फ़िरोज़पुर, फ़रीदकोट, मुक्तसर, फ़ाज़िल्का, बठिंडा और मानसा में अगले 48 घंटों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते आने वाले दो दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी मामूली 0.1 डिग्री की कमी आई है, जिससे दिन के समय की ठंडक भी बढ़ी हुई महसूस हो रही है। पिछले कुछ दिनों से जहाँ तापमान 30 डिग्री के करीब था, अब यह घटकर 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुँच गया है।
फ़रीदकोट राज्य का सबसे ठंडा इलाका बनकर उभरा है, जहाँ न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, अमृतसर में 9.6 डिग्री, लुधियाना में 9 डिग्री, पटियाला में 10.1 डिग्री, बठिंडा में 8 डिग्री, गुरदासपुर में 10 डिग्री और एसबीएस नगर में 9.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में तापमान में और 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद मौसम में हल्का सुधार संभव है और तापमान धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।
अनुमान है कि पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर जैसे उत्तरी ज़िलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि बाकी हिस्सों में यह 8 से 10 डिग्री के बीच रहेगा। विभाग ने नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है, विशेष रूप से बुज़ुर्गों और बच्चों को गर्म कपड़े पहनने तथा सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की चेतावनी दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...