Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ी ठंड… 3 दिन तक घने कोहरे का अलर्ट; 20 दिसंबर को बारिश के आसार

December 17, 2025

Punjab Weather: पंजाब में बढ़ी ठंड… 3 दिन तक घने कोहरे का अलर्ट; 20 दिसंबर को बारिश के आसार

Punjab Weather Update : पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पंजाब में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते कुछ दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और देर रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। हालांकि तापमान सामान्य से बहुत नीचे नहीं गया है, फिर भी मौसम में ठंडक साफ तौर पर महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर तक पंजाब के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। बीते दिन फरीदकोट और बठिंडा जैसे जिलों में कोहरे का असर इतना अधिक रहा कि दृश्यता 20 से 40 मीटर तक सिमट गई। इससे सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

20 दिसंबर को बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 20 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। आज के दिन मौसम शुष्क बना रहेगा।

14 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी

आज राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, संगरूर, लुधियाना, जालंधर और कपूरथला शामिल हैं। खासकर हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखा जा सकता है।

तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में राज्य में न्यूनतम तापमान 4.6 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आदमपुर में सबसे कम 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में भी तापमान में गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिली है, जिसमें सबसे अधिक 24 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें