Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी ने पंजाब में बढ़ाई ठंड, इन इलाकों में जारी हुआ येलो अलर्ट

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

पंजाब डेस्क: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब पंजाब और चंडीगढ़ में देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर की ओर से चल रही ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है। मौसम विभाग ने राज्य में 27 तारीख तक घने कोहरे और कोल्ड डे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, आज कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

गुरदासपुर रहा सबसे ठंडा जिला

बीते 24 घंटों में लुधियाना में कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई, जबकि बठिंडा, अमृतसर, हलवारा और गुरदासपुर में घना कोहरा छाया रहा। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। राज्य में गुरदासपुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

8 जिलों में कड़ाके की ठंड का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में चल रही तेज हवाएं (जेट स्ट्रीम) ठंड को और बढ़ा रही हैं। आज गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, बठिंडा, लुधियाना और मानसा जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना है। वहीं अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, कपूरथला और होशियारपुर में हल्की बारिश हो सकती है।

इस हफ्ते 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद राज्य में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

23 दिसंबर: अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, पटियाला और मलेरकोटला में घना कोहरा छा सकता है। मौसम शुष्क रहेगा।

24 से 27 दिसंबर: राज्य के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान मौसम सामान्यतः सूखा रहेगा।

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हाईवे पर यात्रा करने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 22 दिसंबर को दिल्ली-अंबाला हाईवे पर घना कोहरा और बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि अंबाला-अमृतसर हाईवे पर भी बादलों का असर रहेगा। 23 दिसंबर को अमृतसर से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर भी दृश्यता कम हो सकती है।

ये भी पढ़ें: पहाड़ों में बर्फ़बारी से मैदानों में बढ़ेगी ठंड, पंजाब से बिहार तक घने कोहरे का अलर्ट जारी

चंडीगढ़ पुलिस की एडवाइजरी

घने कोहरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि कोहरे के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन को सड़क किनारे खड़ा न करें और धीमी गति से गाड़ी चलाएं। बार-बार लेन बदलने से बचें, रिफ्लेक्टिव टेप का इस्तेमाल करें और पैदल चलने वालों व साइकिल सवारों पर विशेष ध्यान दें।

Exit mobile version